SSP रामकृष्ण साहू ने नवनियुक्त आरक्षकों को सौंपे नियुक्ति आदेश

छग

Update: 2026-01-09 17:27 GMT
Bemetara. बेमेतरा। छत्तीसगढ़ जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग भर्ती 2023-24 के अंतर्गत बेमेतरा जिले के रिक्त आरक्षक (जीडी) एवं आरक्षक (ट्रेड-कुक) पदों के लिए चयनित उम्मीदवारों को आज नियुक्ति आदेश प्रदान किए गए। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कार्यालय बेमेतरा में आयोजित किया गया, जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा श्री रामकृष्ण साहू (आईपीएस) ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। नियुक्ति आदेश प्रदान करने से पूर्व चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों एवं चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण की गई। इसके पश्चात विधिवत नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। नवनियुक्त आरक्षकों के परिजनों में भी इस उपलब्धि को लेकर खुशी का वातावरण रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने नवनियुक्त आरक्षकों को पुलिस सेवा के उद्देश्य और जिम्मेदारियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज की सेवा और कानून व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व है। उन्होंने सभी नवनियुक्त आरक्षकों से ईमानदारी, अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। एसएसपी ने कहा कि जनता का विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है, जिसे अपने आचरण और कार्यशैली से बनाए रखना आवश्यक है। एसएसपी श्री साहू ने यह भी कहा कि पुलिसकर्मी को हर परिस्थिति में संयम, धैर्य और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने नवनियुक्त आरक्षकों को टीम भावना के साथ वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्य करने तथा कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

नियुक्ति आदेश प्राप्त करने वाले कुल 13 नवनियुक्त आरक्षकों में ओमप्रकाश पाल, महेन्द्र कुमार, हर्ष सोनी, कमल नारायण, मुनेश कुमार, परषोत्तम, भारती, अतुल देव, सुमेन्द्र लहरे, राहुल, सूरज कुमार, सीमा मिर्चे एवं आरक्षक (ट्रेड-कुक) वेद प्रकाश शामिल हैं। सभी नवनियुक्त आरक्षकों के चेहरों पर अपने चयन को लेकर आत्मविश्वास और गर्व स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य लिपिक उप निरीक्षक (अ) हरिओम विश्वकर्मा,
प्रभारी स्टेनो
संतोष कुमार सोनवानी, स्थापना/एसआरसी लिपिक उप निरीक्षक (अ) महेन्द्र कुमार भुआर्य सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त आरक्षकों को उनके दायित्वों के प्रति सजग रहने और पुलिस की गरिमा को बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया। जिला पुलिस प्रशासन ने आशा व्यक्त की कि नवनियुक्त आरक्षक अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करते हुए जिले की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करेंगे।
Tags:    

Similar News