Raipur. रायपुर। रायपुर लोकसभा क्षेत्र में आयोजित “सांसद खेल महोत्सव” का प्रथम चरण रविवार को उत्साह, प्रतिस्पर्धा और ग्रामीण जोश के माहौल में संपन्न हुआ। इस आयोजन में हजारों ग्रामीण और शहरी खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाना और परंपरागत खेलों को पुनर्जीवित करना है। यह आयोजन रायपुर लोकसभा क्षेत्र के छह जोनों- सिलयारी, परस्तराई, सांकरा, खम्हारिया, कनकी और माना बस्ती में किया गया। हर जोन में अलग-अलग खेलों की प्रतिस्पर्धाएं हुईं, जिनमें युवाओं से लेकर बच्चों और महिलाओं तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विभिन्न जोनों में हुआ शानदार प्रदर्शन
सिलयारी जोन में 16 गांवों के 380 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। यहां आयोजित कबड्डी, वॉलीबॉल और खो-खो प्रतियोगिताओं में दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। परस्तराई जोन में 19 गांवों के करीब 400 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। ग्रामीण युवाओं ने गेंड़ी दौड़, फुगड़ी और रस्साकशी में पारंपरिक खेलों की झलक पेश की। सांकरा जोन में नीनवा, किरना, मोहदा, सांकरा समेत 19 ग्राम पंचायतों के खिलाड़ी और विद्यार्थी सक्रिय रूप से शामिल हुए। यहां तैराकी और कुश्ती प्रतियोगिताओं ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। खम्हारिया जोन में 16 ग्राम पंचायतों के खिलाड़ी उतरे मैदान में, जबकि कनकी जोन में 32 ग्राम पंचायतों के खिलाड़ियों ने जोरदार मुकाबला किया। वहीं, माना बस्ती जोन में 21 गांवों के करीब 600 खिलाड़ियों ने बास्केटबॉल, शतरंज, वॉलीबॉल और पारंपरिक खेलों में हिस्सा लिया।

खेलों के माध्यम से जुड़ रही है नई पीढ़ी- सांसद बृजमोहन अग्रवाल
इस अवसर पर रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण और शहरी खेल प्रतिभाओं को एक साझा मंच देने का प्रयास है। उन्होंने कहा “छत्तीसगढ़ की मिट्टी में खेल भावना रची-बसी है। गेंड़ी, फुगड़ी और रस्साकशी जैसे खेल हमारी परंपरा का हिस्सा हैं। सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से हम इन पारंपरिक खेलों को फिर से जीवित कर रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि यह आयोजन न केवल युवाओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और अनुशासन की भावना को बढ़ा रहा है, बल्कि खेलों के माध्यम से सामाजिक एकता और सामुदायिक जुड़ाव को भी प्रोत्साहित कर रहा है। सांसद अग्रवाल ने बताया कि आने वाले वर्षों में सांसद खेल महोत्सव को और बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाएगा ताकि रायपुर लोकसभा क्षेत्र राज्य का प्रमुख खेल केंद्र बन सके।

महिला खिलाड़ियों की भी मजबूत भागीदारी
इस महोत्सव की खास बात यह रही कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिला खिलाड़ियों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। फुगड़ी, रस्साकशी, खो-खो और रोप स्किपिंग जैसे खेलों में महिलाओं ने शानदार प्रदर्शन किया। आयोजकों का कहना है कि यह सहभागिता ग्रामीण खेल संस्कृति में लैंगिक समानता की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है।

खेलों से बढ़ेगा आत्मविश्वास और एकता का भाव
महोत्सव के दौरान खिलाड़ियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। दर्शक दीर्घा में मौजूद ग्रामीणों ने अपने-अपने गांवों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजकों का कहना है कि ऐसे आयोजन न केवल युवाओं में खेलों के प्रति आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना जगाते हैं, बल्कि गांवों में आपसी एकता और भाईचारे को भी
मजबूत
करते हैं। प्रतियोगिता के समापन समारोह में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन आने वाले समय में राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से आग्रह किया कि वे खेल भावना के साथ जीवन के हर क्षेत्र में सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखें।
Tags: