तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, 500 मीटर तक घसीटा, दो युवक गंभीर
छत्तीसगढ़.
खैरागढ़: छुईखदान थाना क्षेत्र के जोरातराई रोड पर रविवार रात तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला. धमधा से लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को सामने से आ रही तेज रफ्तार सफेद कार ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कार में फंस गई और कार उसे करीब 500 मीटर तक घसीटती चली गई. हादसे में बाइक सवार हुलास साहू और योगेश साहू, निवासी मदनपुर खैरागढ़, गंभीर रूप से घायल हो गए.
जानकारी के मुताबिक दोनों युवक रविवार रात बाइक से धमधा की ओर से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान जोरातराई रोड के पास सामने से आ रही सफेद कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद भी कार नहीं रुकी और बाइक कार में फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायलों को तत्काल धमधा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें भिलाई रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि घायलों में से एक की हालत नाजुक बनी हुई है.
इधर घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन छुईखदान थाने पहुंचे और कार चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. परिजनों ने कार चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है. छुईखदान थाना प्रभारी बिलकिस बानो ने बताया कि घायलों के परिजनों की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कार चालक की भूमिका क्या रही, इसकी भी पड़ताल की जा रही है.