विशेष चेकिंग अभियान: अपराधियों पर नकेल कसने सड़कों पर उतरी पुलिस

छग

Update: 2025-08-18 16:44 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर सहित पूरे पुलिस रेंज में अपराधों की रोकथाम और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में शनिवार को यह कार्रवाई की गई। इस अभियान में अपराधियों, बदमाशों, चाकूबाजों, संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

80 से अधिक आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
अभियान के तहत रायपुर पुलिस ने अलग-अलग थानों में 22 से अधिक आरोपियों को आर्म्स एक्ट, 8 आरोपियों को आबकारी एक्ट और 50 से अधिक बदमाशों को प्रतिबंधात्मक धाराओं में गिरफ्तार कर कार्रवाई की। इन आरोपियों को जेल भेज दिया गया। इसके अलावा, पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स से धारदार और घातक चाकू मंगाने वाले व्यक्तियों को थाने तलब कर 8 चाकू जमा कराए और उन्हें समझाईश दी।

हर थाने में तैनात रही टीमें
अभियान के दौरान रायपुर रेंज के सभी थाना प्रभारियों ने अपनी-अपनी टीम के साथ सघन जांच की। इस दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की भी विशेष भूमिका रही। थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी प्वाइंट बनाए गए और वाहनों की डिक्की तक चेक की गई। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों, सूनसान इलाकों में जमघट लगाकर नशा करने वालों, अड्डेबाजी करने वालों और संदिग्ध व्यक्तियों पर सख्त नजर रखी। सार्वजनिक मैदान, पार्क, चौक-चौराहों, सड़कों और चारपहिया वाहनों के अंदर बैठकर शराब पीने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई।

विजिबल पुलिसिंग और पैदल पेट्रोलिंग
रायपुर पुलिस ने इस दौरान भीड़-भाड़ वाले इलाकों, सार्वजनिक स्थानों और सूनसान जगहों पर पैदल पेट्रोलिंग भी की। इससे आम जनता में सुरक्षा का संदेश गया और अपराधियों में पुलिस का खौफ पैदा हुआ। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह विशेष अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। इसका मकसद है कि रायपुर और आसपास के जिलों में शांति व्यवस्था बनाए रखी जाए और अपराधियों पर नकेल कसी जाए।
Tags:    

Similar News