सोशल मीडिया ब्लैकमेलिंग और आत्महत्या मामला, कानपुर से आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-04-02 18:21 GMT
Balodabazar. बलौदाबाजार। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करने और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने वाले आरोपी को बलौदाबाजार पुलिस ने उत्तर प्रदेश के कानपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी गुलशन कश्यप (20 वर्ष, निवासी ग्राम दहेली, थाना रेवन, जिला कानपुर) युवती से 60 हजार रुपये ऐंठने के बाद भी उसे लगातार परेशान कर रहा था। यह मामला पलारी थाना क्षेत्र का है। पुलिस की जांच और तकनीकी विश्लेषण में खुलासा हुआ कि आरोपी गुलशन कश्यप ने मृतिका को फोन के माध्यम से लगातार डराया और धमकाया। उसने युवती की तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने और उसे बदनाम करने की धमकी देकर पैसों की मांग की। लोक-लाज के डर से युवती ने आरोपी को 60 हजार रुपये भेज दिए थे। इसके बावजूद आरोपी का मन नहीं भरा और वह और अधिक पैसों के लिए युवती को प्रताड़ित करता रहा।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कानपुर में घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया और माना कि वह युवती को बदनाम करने की धमकी देकर पैसे वसूल रहा था और बार-बार फोन करके दबाव डाल रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां उसे जेल भेज दिया गया। युवती पर आरोपी की लगातार धमकियों और मानसिक प्रताड़ना का गहरा असर पड़ा। तनाव के चलते युवती ने पिछले वर्ष 17 अप्रैल को चूहे मारने वाली दवा का सेवन कर लिया। गंभीर स्थिति में उसे रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 22 अप्रैल को उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने इस मामले में मर्ग जांच के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और थाना पलारी में आरोपी के विरुद्ध धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि इस तरह के साइबर अपराध और ब्लैकमेलिंग के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी लोगों से अपील कर रहे हैं कि अगर कोई व्यक्ति सोशल मीडिया या फोन के माध्यम से धमकाया या ब्लैकमेल किया जा रहा है तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें। बलौदाबाजार पुलिस की तत्परता और कानपुर में आरोपी की गिरफ्तारी ने यह संदेश दिया कि साइबर अपराधियों और ब्लैकमेल करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। यह मामला सोशल मीडिया के दुरुपयोग और युवाओं को मानसिक दबाव में डालने के गंभीर खतरे को भी उजागर करता है।
Tags:    

Similar News