Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे सघन चेकिंग व धरपकड़ अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर शहर में खपाने की फिराक में घूम रहे उत्तर प्रदेश के एक अंतर्राज्यीय तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी अपने पास बैग में गांजे की खेप रखकर ग्राहक की तलाश कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3.710 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1,85,500/- रुपये आंकी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 3 नवंबर 2026 को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट (ACCU) की टीम को मुखबिर से एक बेहद सटीक और गुप्त सूचना प्राप्त हुई।

सूचना में बताया गया कि थाना गंज क्षेत्रांतर्गत नहरपारा रोड स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के पास एक अज्ञात व्यक्ति अपने पास पिट्ठू बैग में गांजा भरकर बिक्री करने और स्थानीय खरीदारों को सप्लाई करने की नीयत से घूम रहा है। सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों के तहत एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट, एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और थाना गंज पुलिस की एक संयुक्त टीम का तुरंत गठन किया गया। पुलिस की इस विशेष टीम ने बिना कोई समय गंवाए तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। मौके पर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब सतर्कता बरतते हुए उस व्यक्ति के करीब जाकर पूछताछ करने का प्रयास किया, तो वह पुलिस को देखते ही भागने लगा।

पुलिस जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा कर उसे चारों तरफ से घेरकर धर दबोचा। हिरासत में लेकर की गई कड़ाई से पूछताछ में संदेही ने अपना नाम शिवम मिश्रा और मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी होना स्वीकार किया। पुलिस टीम ने जब गवाहों की उपस्थिति में आरोपी के पास मौजूद बैग की सघन तलाशी ली, तो उसमें खाकी रंग के पैकेट में लपेटा हुआ अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजे की इस खेप को ओडिशा के सीमावर्ती इलाके से कम दामों में खरीदकर ट्रेन व अन्य साधनों के माध्यम से रायपुर लाया था और यहां ऊंचे दामों में बिक्री करने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी शिवम मिश्रा के कब्जे से कुल 3.710 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 1,85,500/- रुपये) जप्त कर उसके खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 323/2026 धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक गिरफ्तारी की कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण: शिवम मिश्रा, पिता छैल बिहारी मिश्रा, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम उमरिया गंज, थाना ईटवा, जिला सिद्धार्थ नगर (उत्तर प्रदेश)।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से गांजे की उपलब्धता, परिवहन, बिक्री और इसके पूरे सप्लाई नेटवर्क के संबंध में सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम अब 'बैकवर्ड लिंकेज' के माध्यम से ओडिशा के उन मुख्य स्रोतों की पतासाजी में जुटी है, जहां से गांजा उपलब्ध कराया गया था। इसके साथ ही 'फॉरवर्ड लिंकेज' के जरिए रायपुर और आसपास के उन संभावित खरीदारों व लोकल पेडलरों की सूची तैयार की जा रही है, जो इस मादक पदार्थ की डिलीवरी लेने वाले थे।

गौरतलब है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान के तहत रायपुर कमिश्नरेट में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीमों द्वारा अब तक एनडीपीएस एक्ट के कुल 100 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 218 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन सभी कार्यवाइयों के दौरान पुलिस ने अब तक कुल 7,36,68,920/- रुपये (सात करोड़ छत्तीस लाख अड़सठ हजार नौ सौ बीस रुपये) मूल्य के मादक पदार्थ, गांजा, नशीली दवाएं तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त किए हैं। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
Tags: