सरगुजा में चोरी के सामान के साथ 6 संदेही पकड़े गए, 50 लीटर डीजल और बैटरी बरामद

छग

Update: 2026-07-16 13:22 GMT
Lakhanpur. लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना पुलिस ने चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए छह संदेहियों से पूछताछ के बाद चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 नग तिरपाल, 50 लीटर डीजल और एक बैटरी जब्त की है। मामले में पुलिस ने इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में पेश किया है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को लखनपुर थाना पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त के लिए ग्राम पुहपुटरा, चिलबिल और कटकोना की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पुहपुटरा के कुछ लोगों ने चोरी का तिरपाल, डीजल और बैटरी छिपाकर रखी है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मामले की तस्दीक की और ग्राम पुहपुटरा पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान छह लोगों की पहचान हुई। इनमें अरविंद पैकरा पिता तुलेश्वर पैकरा उम्र 23 वर्ष, फेकू राम पिता स्वर्गीय सुखदेव उम्र 40 वर्ष, जितेंद्र कुमार पिता सहोदर राम उम्र 24 वर्ष, सरजू रजक पिता सुकुल रजक उम्र 24 वर्ष, बुधन राजवाड़े पिता मुन्ना राम उम्र 25 वर्ष और मनोज राजवाड़े पिता रामनाथ राजवाड़े उम्र 24 वर्ष शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम पुहपुटरा थाना लखनपुर जिला सरगुजा के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने संदेहियों के कब्जे से चोरी का 7 नग तिरपाल, 50 लीटर डीजल और एक नग बैटरी बरामद की। इसके बाद पुलिस ने सभी को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी कर बरामद सामान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान संदेही किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में प्रथम दृष्टया उनका कृत्य धारा 35 (3)(ई) और 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत पाया गया। इसके बाद पुलिस ने सभी संदेहियों को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया और मामले की जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए। आरोपियों द्वारा जांच में सहयोग करने पर चेकलिस्ट तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पृथक रूप से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। इसके तहत धारा 170/126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर तहसीलदार लखनपुर के समक्ष पेश किया गया।
लखनपुर थाना पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र और गश्त के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में लखनपुर थाना के प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष कुमार, सहायक उप निरीक्षक परशु पैकरा, प्रधान आरक्षक प्रवीण चंद तिवारी, अजय पांडेय, आरक्षक दशरथ राजवाड़े, सुरेश गुप्ता, कुश सोनी और रामकुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर निगरानी रखकर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News