रायगढ़ जिले में SIR कार्य 97.85% पूर्ण, मतदाता गणना पत्रक जमा करने की अपील
छग
Raigarh. रायगढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के तहत जिले में चल रहा विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में यह प्रक्रिया पूरी सावधानी और व्यवस्थित तरीके से संचालित की जा रही है। जिला प्रशासन के अनुसार, गणना पत्रक वितरण का कार्य 97.85 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है, जो इस अभियन की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉकों और शहरी क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना पत्रक (फॉर्म) वितरित किया गया है। अब अगले चरण में इन भरे हुए गणना पत्रकों के एकीकरण, सत्यापन, संकलन और डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य जिले की मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित बनाना है, ताकि आगामी चुनावों के दौरान किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदान सूची से न छूटे। इसके लिए जिला प्रशासन लगातार समीक्षा बैठकों का आयोजन कर रहा है और BLOs को माइक्रो-लेवल पर निर्देशित किया गया है।
डॉ. वर्मा ने आगे बताया कि कई स्थानों पर मतदाता स्वयं गणना पत्रक लेकर बूथ स्तर के अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं, जो लोकतांत्रिक जागरूकता का सकारात्मक संकेत है। उन्होंने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से आग्रह किया कि वे अपने-अपने BLO को शीघ्र गणना पत्रक जमा कर दें, ताकि डेटा एंट्री और डिजिटाइजेशन का कार्य समय पर पूरा हो सके। जिला प्रशासन के मुताबिक, गणना पत्रक में नाम, आयु, परिवार के सदस्य, पते में बदलाव, नए मतदाताओं की जानकारी और मृत/स्थानांतरित व्यक्तियों का विवरण भरना अनिवार्य है। यह जानकारी मतदाता सूची को अद्यतन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
निर्वाचन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन घरों में गणना पत्रक वितरित नहीं हुआ है या किसी कारणवश वे अनुपस्थित थे, वे स्वयं नजदीकी BLO, मतदान केंद्र या तहसील कार्यालय से संपर्क कर गणना पत्रक प्राप्त कर सकते हैं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी कर जिले को 100% अद्यतन मतदाता सूची वाला जिला बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि SIR अभियान लोकतांत्रिक मजबूती का महत्वपूर्ण चरण है और प्रत्येक मतदाता की सही जानकारी से चुनावी पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ती है।