Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस विभाग ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से बड़ा बदलाव करते हुए छह थाना प्रभारियों का तबादला कर दिया है। इस फेरबदल में शहर के नगर कोतवाली थाना का प्रभार अनुभवी अधिकारी शिवनारायण सिंह को सौंपा गया है। आदेश 18 सितंबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी हुआ, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
शिवनारायण सिंह का अनुभव बना ताकत
शिवनारायण सिंह एक ऐसे थाना प्रभारी माने जाते हैं, जिन्होंने अपने कार्यकाल में अपराध नियंत्रण पर कड़ी पकड़ बनाई है। वे पहले खमतराई थाना में अपनी सख्त कार्यशैली के लिए चर्चित रहे हैं। यहां उन्होंने लगातार बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण पाया और आमजन को राहत दिलाई। इसके अलावा दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना जो शहर का सबसे व्यस्त थाना माना जाता है, वहां भी उन्होंने अपराधियों पर शिकंजा कसने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गणेश विसर्जन में दिखाई थी सतर्कता
गणेश उत्सव और विसर्जन जैसे चुनौतीपूर्ण अवसरों पर भी उनकी सक्रियता और जिम्मेदारी स्पष्ट दिखी। शिवनारायण सिंह ने दिन-रात मेहनत कर यह सुनिश्चित किया कि विसर्जन कुंड में कोई भी हादसा न हो। भीड़ प्रबंधन से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक, उन्होंने टीमवर्क और सतर्कता के जरिए पुलिस विभाग की साख मजबूत की।