Dhamtari. धमतरी। करीब 10 साल से बिस्तर पर जिंदगी गुजार रहे शशिकांत भरत के लिए अब बेहतर इलाज की नई उम्मीद जगी है। लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रहे शशिकांत की मदद की गुहार जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक पहुंची तो मुख्यमंत्री ने स्वयं उनसे फोन पर बातचीत की और बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री की पहल के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और शशिकांत को बेहतर उपचार के लिए एम्स भेजा गया। मुख्यमंत्री की ओर से उन्हें चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई है।
धमतरी जिले के नगरी वनांचल क्षेत्र के निवासी शशिकांत भरत करीब 10 साल पहले एक गंभीर सड़क हादसे का शिकार हुए थे। हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई थी। इसके बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। चोट के कारण वह लकवाग्रस्त हो गए और सामान्य जीवन जीना मुश्किल हो गया। तभी से वे अधिकांश समय बिस्तर पर रहकर जिंदगी गुजार रहे हैं। लंबे समय तक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझने के बावजूद शशिकांत और उनके परिवार ने बेहतर उपचार की उम्मीद नहीं छोड़ी। इलाज की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मदद की गुहार लगाई। उनकी समस्या की जानकारी मुख्यमंत्री तक पहुंची तो मुख्यमंत्री साय ने मामले को गंभीरता से लिया।
मुख्यमंत्री ने शशिकांत से सीधे फोन पर बातचीत की। बातचीत के दौरान उन्होंने शशिकांत की स्थिति और उपचार से जुड़ी जानकारी ली तथा बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत और सहायता का आश्वासन मिलने के बाद शशिकांत और उनके परिवार में एक बार फिर उम्मीद जगी। मुख्यमंत्री की पहल के बाद जिला प्रशासन ने भी तेजी से कदम उठाए। प्रशासन ने शशिकांत के बेहतर उपचार की व्यवस्था करते हुए उन्हें एम्स भेजा। अब उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में आगे का उपचार किया जाएगा। वर्षों से बिस्तर पर जिंदगी गुजार रहे शशिकांत और उनके परिजनों को उम्मीद है कि विशेषज्ञ उपचार से उनकी स्थिति में सुधार आएगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ओर से शशिकांत को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। यह सहायता उनके इलाज और उससे जुड़ी जरूरतों में मददगार साबित होगी। लंबे समय से बीमारी और उपचार की चुनौती का सामना कर रहे परिवार के लिए यह आर्थिक मदद भी बड़ी राहत बनकर सामने आई है। शशिकांत भरत ने अपनी स्थिति और मिली मदद के संबंध में स्वयं एक वीडियो जारी किया है। वीडियो के माध्यम से उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल और जिला प्रशासन की ओर से की गई सहायता की जानकारी साझा की। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रशासन के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
Tags: