रायगढ़। जिले में नवपदस्थ उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सोमवार को विधिवत रूप से पदभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों और जवानों से मुलाकात कर परिचय प्राप्त किया।
छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग मंत्रालय ने 22 जनवरी को भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों की नवीन स्थानांतरण सूची जारी की थी। इसी आदेश के अनुपालन में डीआईजी और एसएसपी शशि मोहन सिंह ने रायगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभाला।
एसएसपी शशि मोहन सिंह वर्ष 2012 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी हैं। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद वे रायगढ़ जिले के 21वें पुलिस अधीक्षक बने हैं। पदभार ग्रहण करने के दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में प्रभावी पुलिसिंग के लिए जनप्रतिनिधियों, आम नागरिकों, शासन के विभिन्न विभागों और मीडिया के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना प्राथमिकता होगी।