नारायणपुर। जिला नारायणपुर विकासखण्ड ओरछा के ग्राम कुरूषनार निवासी शांति दुग्गा आज आत्मनिर्भरता की मिसाल बन चुकी हैं। रोशनी स्व सहायता समूह की सदस्य एवं प्रतीज्ञा ग्राम संगठन से जुड़ी शांति दुग्गा ने बिहान योजना के माध्यम से अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है।

शांति दुग्गा 19 अगस्त 2019 से स्व सहायता समूह से जुड़ी हैं। इससे पूर्व उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन कृषि कार्य एवं वनोपज संग्रहण था, जिससे आमदनी सीमित थी। समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने नियमित बचत प्रारंभ की। शासन की ओर से समूह को 15 हजार रुपये की चक्रीय निधि एवं 60 हजार रुपये की सामुदायिक निवेश कोष राशि प्राप्त हुई, जिससे समूह के सदस्यों में आपसी लेन-देन और वित्तीय प्रबंधन की समझ विकसित हुई।

बैंक लिंकेज के माध्यम से शांति दुग्गा ने समूह से पहली बार 1 लाख रुपये का ऋण लेकर किराना दुकान का व्यवसाय शुरू किया। इसके बाद 2 लाख 70 हजार रुपये का ऋण लेकर कपड़ा व्यवसाय प्रारंभ किया। बाजार-हाट के कार्य को विस्तार देने के लिए उन्होंने एक पिकअप वाहन भी खरीदा। इससे होने वाली आय से वे समय पर ऋण की किश्तें एवं ब्याज का भुगतान करती रहीं।

व्यवसाय में निरंतर प्रगति के चलते शांति दुग्गा ने समूह से तीसरे चरण में 6 लाख रुपये का ऋण लेकर ट्रैक्टर खरीदा। आज उनके परिवार की वार्षिक आय 4 से 5 लाख रुपये तक पहुंच चुकी है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

शांति दुग्गा का कहना है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की बिहान योजना के कारण उनका पूरा परिवार खुशहाल जीवन व्यतीत कर पा रहा है। वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा पा रही हैं। शांति दुग्गा की सफलता कहानी ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है।

Tags: