ट्रक ड्राइवर के अपहरण और टॉर्चर का सनसनीखेज मामला, दो गिरफ्तार, आरोपी फरार
छग
Jagdalpur. जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर में एक ट्रक ड्राइवर के अपहरण और क्रूरतापूर्वक की गई मारपीट के मामले ने सनसनी फैला दी है। उत्तर प्रदेश के कौशांबी निवासी पीड़ित ड्राइवर खुर्शीद अहमद के साथ न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की गई, बल्कि उसे निर्वस्त्र कर अपमानित किया गया, वीडियो कॉल पर टॉर्चर दिखाया गया, और एक लाख रुपये की फिरौती भी मांगी गई। इस घटना ने पूरे इलाके में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है। घटना के खुलासे के बाद बस्तर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस ने फार्म हाउस को सील कर साक्ष्य जुटा लिए हैं और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
फार्म हाउस में बनाई गई टॉर्चर की योजना
बताया गया है कि खुर्शीद अहमद बीते 10 वर्षों से जगदलपुर के गीदम नाका स्थित भुवन कबाड़ी यार्ड में मालिक नितिन साहू के अधीन काम करता था। उसका आरोप है कि उससे अवैध रूप से तांबा और पीतल जैसे कीमती स्क्रैप को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का दबाव डाला जा रहा था। जब उसने इससे इनकार किया, तो उसे धमकियां मिलनी शुरू हो गईं और उसने नौकरी छोड़ दी। कुछ समय बाद उसे वापस बुलाया गया और यह कहकर झांसा दिया गया कि "सब भूल जाओ, वापस आ जाओ"। वह लौट आया, लेकिन 25 जुलाई को कबाड़ी यार्ड का मालिक नितिन साहू और उसका दोस्त आयुष राजपूत उसे कार में जबरदस्ती बिठाकर अजुनी फार्म हाउस ले गए, जहां पहले से नीलम नाग और संजू उर्फ पिंटू नामक दो युवक मौजूद थे।
साढ़े तीन घंटे तक अमानवीय यातना
फार्म हाउस में चारों आरोपियों ने मिलकर करीब साढ़े तीन घंटे तक खुर्शीद को बेल्ट, लात-घूंसे और हाथों से बुरी तरह पीटा। उसे निर्वस्त्र किया गया और उस पर पेशाब तक किया गया। इस दौरान यह पूरा घटनाक्रम वीडियो कॉल के माध्यम से खुर्शीद के गांव के एक युवक को दिखाया गया, जिसने चतुराई से स्क्रीन रिकॉर्डिंग की और बोधघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई। जैसे ही पुलिस को शिकायत की भनक लगी, आरोपी खुर्शीद को तेलंगाना के हैदराबाद की ओर ले गए। वहां उसे एक सुनसान इलाके में चाकू दिखाकर धमकाया गया और स्क्रिप्ट के अनुसार बोधघाट थाने से आए कॉल पर जबरन "सब ठीक है" कहने के लिए मजबूर किया गया।
जंगल में छोड़ा, किसी तरह बचकर पहुंचा गांव
इसके बाद खुर्शीद को एक सुनसान जंगल में छोड़ दिया गया, जहां से वह किसी तरह पास की दुकान तक पहुंचा, फोन चार्ज किया और गांव के एक जानकार ड्राइवर से मदद लेकर वापस गांव पहुंचा। फिर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हुआ। 2 अगस्त को वह परिजनों के साथ दोबारा बोधघाट थाना पहुंचा और विस्तृत आवेदन दिया, जिसमें उसने अपहरण, मारपीट, फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने की बात कही।
दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार
बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा, एएसपी माहेश्वर नाग और सीएसपी अमित देवांगन के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में जांच शुरू की गई और पीड़ित की निशानदेही पर फार्म हाउस को सील कर दिया गया। पूछताछ में दो आरोपियों नीलम नाग और संजू उर्फ पिंटू ने अपनी संलिप्तता कबूल की और नितिन साहू एवं आयुष राजपूत के नाम उजागर किए। दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। फरार मुख्य आरोपी नितिन साहू और आयुष राजपूत की तलाश के लिए विशेष टीमें रवाना की गई हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए टॉर्चर के वीडियो
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें एक आरोपी सिगरेट मुंह में दबाकर खुर्शीद को बेल्ट से मारते हुए डांस कर रहा है और उसे भी नाचने के लिए मजबूर कर रहा है। एक अन्य वीडियो में खुर्शीद की पत्नी वीडियो कॉल पर आरोपी से विनती कर रही है कि उसके पति को छोड़ दिया जाए, जबकि खुर्शीद डरा हुआ कहता है – "सब ठीक है"। खुर्शीद ने कहा है कि वह अब भी डरा हुआ है और आरोपियों से उसे जान का खतरा है। उसने प्रशासन और पुलिस से सुरक्षा की मांग की है और कहा है कि यदि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो कोई अनहोनी हो सकती है। पुलिस ने मामले में IPC की धारा 140(2), 309(6), 133, और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।