Raipur News: राजधानी रायपुर सहित पूरे देश में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा. सुरक्षा के लिहाज राजधानी में कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. राजधानी में 800 से ज्यादा पुलिस के अधिकारी और जवान शहर के एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर 24 घंटे संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रख रहे हैं. रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टैंड और दूसरे सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.

स्वतंत्रता दिवस को लेकर पुलिस द्वारा शहर में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम और आम लोगोंं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कमिश्नरेट के तीनों जोन में विशेष सुरक्षा एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है.
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉक्टर संजीव शुक्ला ने बताया कि राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था के तहत शहर के सभी प्रमुख एंट्री एवं एग्जिट पॉइंट पर 24 घंटे नाकेबंदी एवं सघन वाहन चेकिंग की जा रही है. जिसमें होटल, लॉज, सराय, धर्मशाला एवं अन्य ठहरने के स्थानों की सघन चेकिंग की जा रही है. संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पैदल पेट्रोलिंग की जा रही है. प्रमुख चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि आदतन बदमाशों, निगरानीशुदा व्यक्तियों एवं संदिग्धों की चेकिंग कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. आईटीएमएस कैमरे के माध्यम से वाहनों एवं यातायात गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है."
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है. पूरे सुरक्षा अभियान में 800 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवान तैनात रहकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं.
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें.
Tags: