सुरक्षाकर्मी ही उत्पात मचा रहा था, गाड़ियों में तोड़फोड़ के आरोप में गिरफ्तार
छग
कोरबा। जिले में मारपीट और तोड़फोड़ की 2 अलग-अलग घटना सामने आई है। पहली घटना में 29 नवंबर की रात एक आरोपी ने मुड़ापार शारदा विहार स्थित वैभव होम्स परिसर में खड़ी 18 गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दिया। मामला मानिकपुर चौकी का है। दूसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। जहां स्कूली छात्रों के दो गुटों के बीच सड़क पर ही मारपीट हो गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मारपीट में शामिल सभी लड़के नाबालिग है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को देख सभी भाग गए।
29 नवंबर की रात वैभव होम्स परिसर के कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने बताया कि रात डेढ़ बजे एक युवक हाथ में रॉड लेकर परिसर में घुसा और एक के बाद एक खड़ी 18 गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। आवाज सुनकर जब लोग बाहर आए तो युवक पीछे के दरवाजे से भाग निकला। रात में घटना को अंजाम देने के बाद, युवक सुबह फिर से इसी कॉलोनी में आया और उत्पात मचाने की कोशिश की, लेकिन लोगों को देखकर फिर फरार हो गया। वैभव होम्स परिसर के अध्यक्ष संदीप पांडे ने बताया कि रात में ही मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई थी। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, आरोपी ने रात में टीपी नगर और आसपास के क्षेत्रों में भी उत्पात मचाया था। मानिकपुर चौकी में पदस्थ एएसआई अमर जायसवाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपी का नाम दीपू भारती है। दीपू भारती एसईसीएल में सुरक्षाकर्मी है और कुछ साल पहले ही चिरमिरी क्षेत्र से कोरबा स्थानांतरित हुआ था। वह दादर में किराए के मकान में रहता है। पुलिस उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।