कांकेर। सरकार की महत्वाकांक्षी राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत समर्थन मूल्य पर जिले में धान की खरीदी की जा रही है। कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने समय सीमा की बैठक में सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को धान खरीदी केन्द्रों का सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिये गये थे। इसके परिपालन में पखांजूर अनुविभाग के एसडीएम मनीष साहू ने शुक्रवार को धान खरीदी केन्द्र मदले, बड़गांव और पीव्ही-99 का निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन किया। धान खरीदी केन्द्र मदले में 473 किसानों के द्वारा 23893.60 क्विंटल धान विक्रय किया गया है। जिसमें से धान बेचने के पश्चात 83 किसानों ने 82.40 हेक्टेयर रकबा समर्पण किये जाने की जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान फड़ प्रभारी और ऑपरेटर को निर्देशित भी किया गया कि किसानों से धान निर्धारित मात्रा मे तौल करें तथा धान की बोरियों को छल्ली लगाकर रखें। उनके द्वारा धान खरीदी हेतु पंजीकृत किसानों से ही धान खरीदी करने तथा अन्य माध्यमों से खरीदे जाने पर कार्यवाही करने की चेतावनी दी गई। धान खरीदी हेतु किसानों को चिन्हांकित कर मुनादी के माध्यम से सूचित करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने खरीदी पंजी एवं बारदाना पंजी का अवलोकन कर समयावधि में अद्यतन करने के निर्देश दिये। एसडीएम पखांजूर ने बताया कि खरीदी केन्द्र बड़गांव में 481 किसानों से 27010.40 क्विंटल धान की खरीदी की गई है और धान खरीदी केन्द्र पीव्ही-99 में 694 किसानों के द्वारा 34069.60 कि्ंवटल धान की विक्रय करने की जानकारी मिली है। 17 किसानों के द्वारा 0.140 हेक्टेयर रकबा समर्पण किया गया है। खरीदी केन्द्रों में सरकार गाईड लाईन अनुसार धान की खरीदी की जा रही है।