कोरबा: दादर खुर्द के पास उफनते नाले को स्कॉर्पियो से पार करने की कोशिश करना दो युवकों को भारी पड़ गया। तेज बहाव में वाहन नाले के बीच पहुंचते ही बहने लगा और देखते ही देखते काफी हिस्सा पानी में डूब गया। ग्रामीणों ने दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस मामले में मानिकपुर पुलिस ने दोनों लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना शनिवार दोपहर की है। सुबह से हो रही लगातार बारिश के कारण नाला उफान पर था और पुलिया के ऊपर से तेज रफ्तार में पानी बह रहा था। मौके पर मौजूद लोग वाहनों को आगे नहीं ले जाने की सलाह दे रहे थे। इसके बावजूद स्कॉर्पियो सवार दोनों युवक पुलिया पार करने लगे।
नाले के बीच पहुंचते ही पानी के तेज बहाव ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने तत्काल मदद करते हुए दोनों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हाइड्रा क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो को पानी से बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार वाहन में यूथ कांग्रेस नेता अंकित श्रीवास्तव और चंद्र कुमार कश्यप सवार थे। दोनों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया गया, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई। पुलिस का कहना है कि उफनते नाले को पार करने का प्रयास बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता था। इसी को देखते हुए दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
Tags: