सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक जेल में रहेगा, कोर्ट ने ED का आवेदन किया खारिज
देखें वीडियो.
रायपुर: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप केस के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल में रहना होगा। रायपुर की स्पेशल कोर्ट ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
ED की ओर से नॉन-बेलेबल वारंट एक्जीक्यूट कराने के लिए दिया गया आवेदन कोर्ट ने खारिज कर दिया। 8 दिन की CBI कस्टोडियल रिमांड खत्म होने के बाद सौरभ को आज फिर रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया।
CBI ने दोबारा कस्टडी नहीं मांगी और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की मांग की। हाई सिक्योरिटी के बीच कोर्ट पहुंचे सौरभ के साथ CBI और ED के अधिकारी भी मौजूद रहे। ED की ओर से वकील सौरभ पांडे ने पक्ष रखा, जबकि बचाव पक्ष की ओर से तुषार गिरी ने पैरवी की। इस मामले में CBI ने 4 अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया है।
CBI ने सौरभ से महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी को लेकर पूछताछ की है। जांच एजेंसी को यह पता लगाना है कि सट्टे से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किन अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका थी। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में पहली FIR दर्ज हुई थी। इसके बाद ED ने 6 अक्टूबर 2022 को मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की।
मामले में सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को मुख्य आरोपियों के तौर पर चिन्हित किया गया। CBI ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में केस दर्ज किया था। जांच में ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, बैंक खातों और हवाला के जरिए रकम के लेनदेन की पड़ताल की जा रही है।