सरपंच-सचिव ने 9 लाख सरकारी राशि का किया गबन, कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश

छग

Update: 2026-05-20 04:32 GMT

बिलासपुर। ग्राम पंचायत लोखण्डी में 15वें वित्त की राशि में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी की ग्रामीणों ने शिकायत की है। ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने बताया कि तत्कालीन महिला सरपंच सावित्री ध्रुव और तत्कालीन पंचायत सचिव बृजेश साहू ने, आपसी मिलीभगत करके वर्ष 2020 से 2025 के बीच प्राप्त हुई 15वें वित्त की सरकारी राशि का फर्जी तरीके से आहरण कर लिया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि स्वीकृत हुई भारी-भरकम राशि में से गांव के भीतर धरातल पर किसी भी प्रकार का विकास कार्य नहीं कराया गया है।

शिकायतकर्ता सतीश पटेल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंच कर जनदर्शन में शिकायत की है कि ग्राम पंचायत लोखण्डी में पंचायत भवन निर्माण के लिए जारी वर्क कोड-102656590 के तहत दिनांक 16 फरवरी 2025 को कुल 4,99,946 रुपये निकाले गए। हकीकत यह है कि उक्त पंचायत भवन साल 2012 में ही बनकर तैयार हो चुका है। इसी तरह, पूर्व में बने बोर के पास दोबारा खनन दिखाने के लिए वर्क कोड-75840124 के तहत दिनांक 17 फरवरी 2025 को सरकारी खजाने से पैसे आहरित किया गया। मौके पर न तो कोई नया भवन बना है और न ही कोई नया बोर खनन कराया गया है।

इस प्रकार पूर्व सरपंच और सचिव ने फर्जी फर्मों साहू ट्रेडर्स और रामायण हार्डवेयर के खातों में क्रमशः 1,97,326 रुपये और 1,97,200 रुपये ट्रांसफर कर कुल 8,94,472 रुपये की शासकीय राशि का गबन किया है। शिकायतकर्ता सतीष पटेल ने मामले में कलेक्टर से उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।

Tags:    

Similar News