Balod. बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडी नगर पंचायत क्षेत्र में शनिवार सुबह सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक सफाई कर्मचारी ने अपने ही दो साथी कर्मचारियों पर धारदार टंगिया से हमला कर दिया। हमले में दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद डौंडी पुलिस ने आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 7 बजे की है। डौंडी नगर पंचायत के सब्जी मार्केट क्षेत्र में सफाई कर्मचारी रम्हू भुआर्य और प्रेमलाल भुआर्य अपने नियमित कार्य के तहत सफाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत गिरवर देहारी वहां पहुंचा।
बताया जा रहा है कि आरोपी गिरवर देहारी के हाथ में धारदार टंगिया थी। अचानक उसने दोनों कर्मचारियों पर हमला कर दिया। हमले में रम्हू भुआर्य और प्रेमलाल भुआर्य को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को संभाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घटना के बाद नगर पंचायत क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी गिरवर देहारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हमले से पहले उपाध्यक्ष से हुई थी बातचीत
घटना के प्रत्यक्षदर्शी डौंडी नगर पंचायत उपाध्यक्ष संजीव कुमार मानकर ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमला करने से कुछ समय पहले आरोपी गिरवर उनके पास आया था। उपाध्यक्ष के मुताबिक, आरोपी ने उनसे पूछा था कि “साहब, आज बकरा खाएंगे क्या?” इस पर उन्होंने शनिवार होने की बात कहते हुए बकरा खाने से मना कर दिया। साथ ही उन्होंने गिरवर से पूछा कि बकरा कहां कट रहा है। इस पर आरोपी ने बताया कि वह आज दो बकरे काट रहा है। इसके कुछ ही देर बाद उसने वहां मौजूद दोनों सफाई कर्मचारियों पर टंगिया से हमला कर दिया।
पुलिस कर रही घटना की जांच
राजहरा नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटलेय ने बताया कि डौंडी नगर पंचायत क्षेत्र में एक सफाई कर्मचारी द्वारा दो अन्य सफाई कर्मचारियों पर धारदार हथियार से हमला करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उन्होंने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस आरोपी द्वारा घटना से पहले कही गई बकरे काटने वाली बात और हमले के बीच संबंध की भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हमले के पीछे की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।
कर्मचारियों में दहशत का माहौल
नगर पंचायत में हुई इस घटना के बाद कर्मचारियों में भी चिंता और दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि कार्यस्थल पर इस तरह की हिंसक घटना गंभीर चिंता का विषय है। कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल दोनों कर्मचारियों का इलाज जारी है और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
Tags: