सौगातों से भरा रहा विभिन्न ग्राम पंचायतों में हुआ समाधान तुंहर दुआर शिविर
छग
बालोद। जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में आज आयोजित समाधान तुंहर दुआर शिविर ग्रामीणों के लिए सौगातों भरा रहा। शिविर में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत किए गए आवेदन पत्रों का परीक्षण कर मौके पर अनेक समस्याओं का निराकरण किया गया, जिससे ग्रामीणों में काफी हर्ष देखा गया। इसके अंतर्गत बालोद विकासखंड के ग्राम पंचायत लिमोरा, मुजगहन, भेडिय़ा नवागॉव, डौण्डी विकासखंड के ग्राम पंचायत गुदुम, पुसावड़, मरदेल, गुरूर विकासखंड के ग्राम पंचायत डढ़ारी, परसुली, खुुंदनी, डौण्डीलोहारा विकासखंड के ग्राम पंचायत तुरमुड़ा, करतुटोला, भीमपुरी तथा मार्री बंगला तहसील के राघोनवागॉव, पीपरखार न, राणाखुज्जी में आयोजित शिविर में अपने मांगों व समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे। इस दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्रतानुसार मौके पर ही हितग्राहियों का नया राशन कार्ड बनाने के साथ ही राशन कार्ड में नाम जोड़ा गया। इसके अलावा स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र वितरण तथा बी-1 नकल, बीज मिनीकिट, किसान पुस्तिका आदि का वितरण किया गया। ग्राम पंचायतो में आयोजित शिविरों में संबंधित हल्का पटवारी, ग्राम पंचायत के सचिव, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।