कोरबा। टीपी नगर स्थित एक किराए के कमरे में 24 वर्षीय रोहन उर्फ अमन श्रीवास का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। युवक बरपाली का रहने वाला था। सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, रोहन टीपी नगर में किराए के कमरे में अकेला रहता था। वह Trendz Studio Salon में काम करता था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी एक बहन भी है। परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे रोहन की अपने पिता से सामान्य बातचीत हुई थी। इसके बाद रात करीब 2:30 बजे उसने दोबारा पिता को फोन किया। इस दौरान वह रो रहा था और उसने पिता से कहा कि मां उससे नाराज हैं। कुछ देर बात करने के बाद उसने फोन काट दिया। शुक्रवार सुबह परिजनों ने कई बार उसे फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। अनहोनी की आशंका पर परिवार के लोग उसके किराए के कमरे पहुंचे। वहां रोहन का शव फांसी के फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलने पर सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।