ग्रामीण पुलिस की पहल: NH-30 पर होटल-ढाबा संचालकों को सुरक्षा और नियमों के निर्देश
छग
Raipur. रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने थाना धरसीवां क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (एनएच-30) किनारे संचालित होटल, ढाबा और पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक आयोजित की। इस बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करना रहा। बैठक के दौरान थाना प्रभारी द्वारा सभी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न किया जाए और सड़क की भूमि का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए न हो। इसके साथ ही प्रतिष्ठानों में अत्यधिक प्रकाश व्यवस्था (हाई इंटेंसिटी लाइट) लगाने से बचने और वाहनों की पार्किंग सुव्यवस्थित तरीके से करने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
पुलिस ने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी होटल या ढाबे में शराब सेवन या अन्य अवैध गतिविधियों को बढ़ावा न दिया जाए। यदि ऐसी कोई गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दी जाए। इसके अलावा बाहरी या संदिग्ध व्यक्तियों को बिना पहचान सत्यापन के ठहरने की अनुमति न देने के लिए कहा गया। थाना प्रभारी ने संचालकों को यह भी निर्देशित किया कि सभी कर्मचारियों, श्रमिकों और स्टाफ का पूरा पहचान विवरण और दस्तावेज थाना में जमा कराना अनिवार्य है, ताकि जरूरत पड़ने पर सत्यापन किया जा सके। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की जिम्मेदारी भी बताई गई। बैठक में मौजूद सभी होटल, ढाबा और पेट्रोल पंप संचालकों ने पुलिस के निर्देशों का पालन करने और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा तथा व्यवस्थित यातायात बनाए रखने में सहयोग देने का आश्वासन दिया। पुलिस ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षित यातायात और अपराधों की रोकथाम के लिए इस तरह की बैठकें और जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।