मूड़ागांव में 10 साल की मांग पर चक्काजाम: हाईस्कूल और धान खरीदी केंद्र की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

छग

Update: 2025-07-17 07:47 GMT
Gariaband. गरियाबंद। देवभोग तहसील के मूड़ागांव के ग्रामीणों ने 10 वर्षों से लंबित हाईस्कूल और धान खरीदी केंद्र की मांग को लेकर नेशनल हाइवे 130-सी पर आज चक्काजाम कर दिया। प्रशासन के समझाने के बावजूद ग्रामीण बार-बार सड़क पर बैठते रहे। अंततः कलेक्टर से फोन पर मिले आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया। ग्रामीणों का कहना था कि उन्हें धान बेचने और बच्चों की पढ़ाई के लिए रोज दूसरे गांव जाना पड़ता है। इस असुविधा के चलते वे कई बार शासन-प्रशासन से निवेदन कर चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं मिलने पर उन्होंने आज धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम का रास्ता चुना।

जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीओपी विकास पाटले, एसडीएम आरएस सोरी, और तहसीलदार अजय कुमार चंद्रवंशी ग्रामीणों को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वे लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कलेक्टर से फोन पर ग्रामीणों की प्रत्यक्ष बातचीत कराई गई, जिसमें कलेक्टर ने आगामी शैक्षणिक सत्र से पहले हाईस्कूल और धान खरीदी केंद्र दोनों स्थापित करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना और चक्काजाम समाप्त कर दिया। एसडीएम आरएस सोरी ने बताया कि स्थिति अब सामान्य है, और ग्रामीणों के साथ सकारात्मक चर्चा हुई है। प्रशासन का उद्देश्य जनहित के मामलों को शांति और संवाद से हल करना है।
Tags:    

Similar News