Balod. बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा नगर में रेलवे पुल की सड़क धंसने का मामला सामने आया है। पुराना बाजार क्षेत्र स्थित दल्लीराजहरा माइंस रोड पर रावघाट रेलवे लाइन के पुल क्रमांक-02 का ऊपरी हिस्सा लगातार धंसता जा रहा है। सड़क पर गड्ढे और दरारें आने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों को आशंका है कि समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है।
जानकारी के अनुसार, पुल के ऊपर से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। इसी मार्ग से माइंस का लोहा लेकर भारी वाहन आवाजाही करते हैं। इसके अलावा आम लोग भी इस सड़क का उपयोग करते हैं। वहीं इसी पुल के नीचे से प्रतिदिन रेलवे ट्रैक पर ट्रेनें गुजरती हैं। ऐसे में सड़क धंसने की स्थिति को देखते हुए किसी बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है। सड़क की स्थिति खराब होने और पुल के हिस्से में लगातार बदलाव नजर आने के बाद स्थानीय लोगों ने चिंता जताई। मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासन, पुलिस, रेलवे, नगर पालिका, बीएसपी प्रबंधन के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और सड़क पर बने गड्ढों तथा दरारों की स्थिति को देखा। निरीक्षण के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारी वाहनों की आवाजाही तत्काल रोकने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए वीर नारायण सिंह चौक और दुर्गा कैंप रोड चौक के पास बैरिकेडिंग कर मार्ग को नियंत्रित किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि जब तक सड़क और पुल के प्रभावित हिस्से की मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक किसी भी तरह का जोखिम न लिया जाए।
अधिकारियों के अनुसार, सबसे पहले धंसे हुए हिस्से की खुदाई कर मुरूम और मिट्टी से भराव किया जाएगा। इसके बाद सड़क को मजबूत करने का काम किया जाएगा। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद बीएसपी प्रबंधन द्वारा सीमेंटीकरण या डामरीकरण कराया जाएगा। दल्लीराजहरा के मुख्य स्टेशन प्रबंधक जीके आर्य ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने मामले की जानकारी रेलवे के उच्च अधिकारियों को दे दी है। फिलहाल सुरक्षा कारणों से भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण है और यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। ऐसे में पुल के ऊपरी हिस्से में आई खराबी को जल्द ठीक करना जरूरी है। लोगों ने मांग की है कि मरम्मत कार्य में लापरवाही न बरती जाए, ताकि किसी तरह की दुर्घटना की स्थिति न बने। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभागों की निगरानी में प्रभावित हिस्से की जांच और सुधार की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। भारी वाहनों पर रोक के बाद वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है। रावघाट रेलवे लाइन के पुल की सड़क धंसने का मामला सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आवश्यक मरम्मत के बाद ही मार्ग पर सामान्य यातायात बहाल किया जाएगा।
Tags: