Bilaspur. बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में आधी रात को घर लौट रहे रिटायर्ड शिक्षक के साथ लूट की वारदात सामने आई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से इलाज कराकर वापस लौट रहे 63 वर्षीय शिक्षक को ऑटो सवार बदमाशों ने रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने डंडा दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और जेब में रखे 1200 रुपए लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो युवकों और तीन नाबालिगों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कर्रा निवासी रिटायर्ड शिक्षक युवराज सिंह प्रधान सोमवार को कान में दर्द की शिकायत के बाद इलाज कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर गए थे। इलाज के बाद वे अपनी कार से रात करीब सवा 12 बजे वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कृष्णा ट्रेडर्स के पास उनकी कार के सामने एक ऑटो आकर रुक गया। ऑटो क्रमांक CG 10 CD 7944 में सवार युवकों ने अचानक उनकी कार का रास्ता रोक लिया। इसके बाद ऑटो से 2 से 3 युवक नीचे उतरे और कार के पास पहुंचकर शीशा खटखटाने लगे। आरोपियों ने शिक्षक को कार से बाहर आने के लिए मजबूर किया और उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
रिटायर्ड शिक्षक ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने उनसे पैसे की मांग की। जब उन्होंने पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने डंडा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण उन्होंने विरोध नहीं किया। इसके बाद बदमाशों ने उनकी जेब में रखे 1200 रुपए जबरन निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित शिक्षक ने रतनपुर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। लूट के दौरान शिक्षक ने ऑटो का नंबर नोट कर लिया था, जो पुलिस जांच में अहम सुराग साबित हुआ।
ऑटो नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और उन्हें पकड़ने के लिए टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस ने सरकंडा थाना क्षेत्र के बंधवापारा और ईमलीभाठा इलाके में रहने वाले आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रात के समय ग्रामीण इलाकों में सुनसान रास्तों पर अकेले वाहन चालकों को निशाना बनाते थे। वे ऑटो से कार या अन्य वाहनों का रास्ता रोक देते थे और डराकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस ने इस मामले में पवन कुमार गौहर (19), राहुल दुबे (25) और तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ कर उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रात के समय सफर करते हुए सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
Tags: