रायपुर। पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) नंबर रिवाइज कराने का झांसा देकर एक अज्ञात ठग ने रेलवे कर्मचारी के खाते से 7 लाख 49 हजार 783 रुपए पार कर दिए। डीडी नगर पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, विकास विहार कॉलोनी, रायपुरा निवासी श्रद्धा जोल्दे (52) ने शनिवार रात थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर की आधी रात उनके पति राजू जोल्दे के मोबाइल पर 9501965589 नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को डीआरएम ऑफिस का कर्मचारी बताया।
ठग ने राजू से कहा कि रेलकर्मियों को रिटायरमेंट के एक साल बाद अपना PPO नंबर रिवाइज कराना पड़ता है। राजू ने बात मान ली, तो ठग ने उनके फोन में रेलवे का HRMS ऐप और बैंक ऑफ बड़ौदा से जुड़ा एक लिंक डाउनलोड करवा दिया। इसके कुछ देर बाद ही उनके बैंक खाते से 7,49,783 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर हो गए।
ठगी का पता चलते ही श्रद्धा जोल्दे ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस अब कॉल करने वाले नंबर और जिन खातों में पैसे गए, उनकी जानकारी जुटा रही है।
Tags: