Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने नशा और तंबाकू नियंत्रण को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए बटर फ्लाई गार्डन-रेस्टोरेंट में छापा मारकर हुक्का परोसने का खुलासा किया है। इस कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। साथ ही जिलेभर में कोटपा एक्ट के तहत चलाए गए अभियान में 80 अलग-अलग मामलों में चालानी कार्रवाई कर हजारों रुपये का जुर्माना वसूला गया है। जानकारी के अनुसार, रविवार को पुलिस टीम ने संबलपुरी रोड स्थित बटर फ्लाई गार्डन-रेस्टोरेंट में जांच के दौरान पाया कि वहां बिना अनुमति के ग्राहकों को हुक्का परोसा जा रहा था। मौके पर मौजूद मैनेजर चंदन कुमार पत्रो (39) से जब इस संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई भी अनुमति या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके से 2 हुक्का पॉट, 2 सेंटर बेस, 4 पैकेट फ्लेवर तंबाकू और एक पाइप जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8,000 रुपये बताई गई है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने मैनेजर के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तंबाकू और नशे से जुड़े मामलों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस ने बस स्टैंड, बाजार, सरकारी कार्यालय, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान पुलिस ने पान दुकानों, चाय स्टॉल और अन्य छोटे व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगहों पर तंबाकू उत्पादों की पैकेजिंग और स्वास्थ्य चेतावनी संबंधी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था, जिस पर दुकानदारों को चेतावनी दी गई और जुर्माना भी लगाया गया। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वाले लोगों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करना और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान को रोकना है। जिलेभर में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 80 मामले दर्ज किए गए। सबसे अधिक कार्रवाई तमनार क्षेत्र में हुई, जहां 27 मामलों में 5,400 रुपये का जुर्माना लगाया गया। धरमजयगढ़ में 17 मामलों में 3,400 रुपये, लैलूंगा में 16 मामलों में 3,200 रुपये, छाल में 11 मामलों में 2,200 रुपये, कापू थाना क्षेत्र में 7 मामलों में 1,400 रुपये और कोतरारोड क्षेत्र में 2 मामलों में 600 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इस प्रकार पूरे जिले में कुल 16,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन आघात” के तहत कोटपा एक्ट के नियमों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करना और अवैध रूप से तंबाकू उत्पाद बेचना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान से बचें और नशे से दूर रहें। साथ ही किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। यह कार्रवाई जिले में नशा नियंत्रण और सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।