सरस्वती नगर फाटक इलाके में सड़क चौड़ीकरण के बाद धूल-गंदगी से लोग परेशान
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर फाटक के आसपास की सड़कों पर रेलवे प्रशासन द्वारा शुरू किया गया सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट अब स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने सड़क को चौड़ा तो कर दिया, लेकिन काम पूरा होने के बाद सड़क पर फैली धूल, मिट्टी, मुरूम और गंदगी को वैसे ही छोड़ दिया गया। इसका असर यह है कि पिछले दो महीनों से वार्डवासी लगातार इस समस्या से जूझ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे प्रशासन ने 5 से 6 महीने के अंतराल में सड़क को व्यवस्थित तरीके से चौड़ा किया। सड़क बन जाने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि अब आवागमन सुगम होगा और समस्या खत्म होगी, लेकिन हकीकत इसके उलट है। सड़क चौड़ीकरण के बाद धूल और मिट्टी की सफाई नहीं की गई, जिससे इलाके में रहने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासियों के अनुसार, रोजाना इस सड़क से गुजरने वाले दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया वाहनों से इतनी धूल उड़ती है कि लोगों का सांस लेना तक मुश्किल हो गया है।
लोगों का कहना है कि चाहे छोटा वाहन हो या बड़ा, सड़क पर जमी धूल की वजह से हर गुजरते वाहन के साथ धूल का गुबार उड़ता है, जिससे आसपास के घर, दुकानें और नालियां प्रभावित हो रही हैं। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि सड़क पर जमा मुरूम और मिट्टी नालों में बह रही है, जिससे नालियां जाम हो रही हैं और गंदगी फैल रही है। इससे मच्छरों और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
लोगों का कहना है कि रायपुर नगर निगम एक तरफ पूरे शहर में रोजाना सड़क साफ-सफाई अभियान चलाने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ सरस्वती नगर फाटक जैसे इलाकों में गंभीर समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है। वार्डवासियों का आरोप है कि इस पूरे मामले में न तो क्षेत्रीय पार्षद प्रकाश जगत ने कोई सुध ली और न ही नगर निगम या रेलवे प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम उठाया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस समस्या को लेकर शिकायत की, लेकिन किसी भी स्तर पर सुनवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर जनता को सिर्फ आश्वासन दिया गया, लेकिन जमीनी स्तर पर अधूरा काम छोड़ दिया गया। इलाके के दुकानदारों का कहना है कि धूल की वजह से ग्राहक दुकानों में आने से कतराने लगे हैं। दुकान के बाहर रखे सामान पर हर समय धूल जम जाती है, जिससे नुकसान हो रहा है। वहीं घरों में रहने वाले लोग रोजाना सफाई करने के बावजूद धूल से राहत नहीं पा रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि रेलवे प्रशासन और नगर निगम मिलकर जल्द से जल्द सड़क की पूरी सफाई कराएं, धूल हटाई जाए और सड़क को सही तरीके से उपयोग लायक बनाया जाए। लोगों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल इस पूरे मामले में न तो रेलवे प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है और न ही नगर निगम या पार्षद की तरफ से कोई प्रतिक्रिया। ऐसे में सरस्वती नगर फाटक क्षेत्र के लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है और वे जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।