कर्राभौना में बंद हैंडपंप की मरम्मत, ग्रामीणों को मिली स्वच्छ पेयजल सुविधा

छग

Update: 2026-07-02 13:02 GMT
Mahasamund. महासमुंद। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत प्राप्त जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के तहत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने ग्राम कर्राभौना में लंबे समय से बंद पड़े हैंडपंप की मरम्मत कर उसे पुनः चालू कर दिया है। इस कार्रवाई से वार्ड क्रमांक 06 के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है और अब उन्हें स्वच्छ पेयजल की सुविधा फिर से उपलब्ध हो गई है। विकासखंड बसना के ग्राम कर्राभौना निवासी विजय कुमार चौहान द्वारा इस संबंध में आवेदन क्रमांक 26144573900101 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई गई थी। उन्होंने ग्राम पंचायत कुम्हारी के आश्रित ग्राम कर्राभौना के वार्ड क्रमांक 06 में खराब पड़े हैंडपंप की मरम्मत की मांग की थी।

आवेदन प्राप्त होने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की तकनीकी टीम ने स्थल पर पहुंचकर हैंडपंप का निरीक्षण किया और खराबी की जांच की। निरीक्षण के बाद आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू किया गया। विभागीय टीम ने मरम्मत कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए 09 जून 2026 को हैंडपंप को सफलतापूर्वक पुनः चालू कर दिया। हैंडपंप के चालू होने से वार्ड के ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या से राहत मिली है। पहले ग्रामीणों को पानी के लिए दूर-दराज के स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब हैंडपंप पुनः शुरू होने से स्थानीय स्तर पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो गया है।

इस कार्रवाई के बाद संबंधित आवेदक विजय कुमार चौहान को भी इसकी जानकारी दे दी गई। ग्रामीणों ने विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि सुशासन तिहार 2026 के तहत प्राप्त सभी जनसमस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके लिए संबंधित विभाग लगातार फील्ड स्तर पर कार्य कर रहे हैं ताकि आम जनता को त्वरित राहत मिल सके और उनकी समस्याओं का शीघ्र निपटारा हो। इस प्रकार की कार्रवाई से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन के प्रति भरोसा मजबूत हो रहा है और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। शासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक शिकायत का समाधान समय पर हो और लोगों को आवश्यक सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
Tags:    

Similar News