राजनांदगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: छेड़छाड़ और साइबर ठगी नेटवर्क के दो आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-04-14 16:25 GMT
Rajnandgaon. राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर राजनांदगांव जिला पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। एक तरफ घुमका थाना पुलिस ने छेड़छाड़ के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं सिटी कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े एक आरोपी को मध्य प्रदेश के बालाघाट से पकड़ लिया है। घुमका थाना क्षेत्र में महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने घर में घुसकर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी अजय दास मानिकपुरी (23 वर्ष) को
गिरफ्तार
किया है। आरोपी भठली, जिला के.सी.जी. का निवासी है। यह घटना 30 मार्च की बताई जा रही है, जब आरोपी ने पीड़िता का पीछा किया और उसके घर के बाहर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़िता ने लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला पंजीबद्ध किया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।


पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी को उसके गृह ग्राम से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया। दूसरी कार्रवाई में सिटी कोतवाली पुलिस ने साइबर अपराध के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने म्यूल बैंक अकाउंट के माध्यम से ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी शाहरुख खान (38 वर्ष) को मध्य प्रदेश के बालाघाट से गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी बैंक खातों और
सिम कार्ड
का उपयोग कर अवैध लेन-देन और साइबर धोखाधड़ी की गतिविधियों में शामिल था। यह कार्रवाई पहले पकड़े गए आरोपी कृष्ण सोनकर से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने बालाघाट में दबिश देकर मुख्य आरोपी को उसके मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और साइबर ठगी के मामलों पर लगातार सख्त निगरानी रखी जा रही है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags:    

Similar News