नववर्ष 2026 पर राजनांदगांव पुलिस की हाई-टेक सुरक्षा, ‘जीरो टॉलरेंस’ के साथ चौतरफ़ा सख़्ती
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। नववर्ष 2026 के अवसर पर जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने चौतरफ़ा, सख़्त और हाई-टेक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिलेभर में व्यापक, सुनियोजित और सघन सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं। पुलिस ने साफ संदेश दिया है—कानून तोड़ने वालों के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ और कानून का पालन करने वाले नागरिकों के लिए ‘हंडर्ड परसेंट कोऑपरेशन’। नववर्ष के मद्देनज़र संपूर्ण जिले को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित किया गया है।
प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी राजपत्रित अधिकारियों को सौंपी गई है, ताकि हर स्तर पर प्रभावी निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। जिले में कुल 9 राजपत्रित अधिकारी, 20 निरीक्षक और लगभग 600 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है। उप पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन कर ढाबों, होटलों, रेस्टोरेंट्स और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध शराब सेवन, हुड़दंग, मारपीट और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जिले के संवेदनशील क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और पर्यटन स्थलों पर ड्रोन कैमरों और आधुनिक तकनीकी संसाधनों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। जिले के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर नाकाबंदी कर सघन जांच जारी है। विशेष रूप से मंगटा क्षेत्र में 30 व 31 दिसंबर और 1 जनवरी को 24 घंटे के लिए मोबाइल चेक पोस्ट (MCP) स्थापित कर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस द्वारा जिले में चिन्हांकित गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों और आदतन अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। उनकी गतिविधियों पर सतत नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को पहले ही रोका जा सके।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर भी पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसके लिए 60 पुलिस कर्मियों की विशेष यातायात टीम तैनात की गई है, जो शराब पीकर वाहन चलाने, काली फिल्म/ब्लैक शीट लगे वाहनों और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती से कार्रवाई करेगी। दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर वहां जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारी के तहत जिला अस्पताल के समन्वय से 50 पुलिस कर्मियों को सीपीआर और फर्स्ट एड का प्रशिक्षण दिया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा 25 प्राथमिक उपचार किट पुलिस वाहनों और पेट्रोलिंग पार्टियों को उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशासन के सहयोग से एंबुलेंस सेवाएं भी तैनात की गई हैं तथा नववर्ष के मद्देनज़र विभिन्न थानों को अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।
जिले में पैदल गश्त, बाइक पेट्रोलिंग और वाहन पेट्रोलिंग लगातार जारी रहेगी। 1 जनवरी को विशेष रूप से पर्यटन स्थलों, मंदिरों, बांधों, पिकनिक स्पॉट्स और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा और सुदृढ़ की गई है। होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने और परिसरों के दुरुपयोग को रोकने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। कार रेंटल सेवाओं को वाहन देने से पहले समुचित सत्यापन अनिवार्य करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
नववर्ष पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डोंगरगढ़ मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया जा रहा है। वहीं, किसी भी सूचना या शिकायत के लिए नववर्ष के अवसर पर विशेष हेल्पलाइन नंबर 9479246435 जारी किया गया है। इसके अलावा पुलिस कंट्रोल रूम से 9479192199 पर भी संपर्क किया जा सकता है। राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें। पुलिस–पब्लिक जनसहभागिता के माध्यम से नववर्ष 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और उल्लासपूर्ण बनाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।