रायपुर: राजधानी रायपुर के नकटी स्थित ब्लू वाटर में बुधवार शाम डूबे आदिल खान का शव आखिरकार बरामद हो गया है। चार दिनों से एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही थीं, लेकिन देर रात आदिल का शव खुद ही पानी से बाहर आ गया। जिसके बाद रेस्क्यू टीमों ने शव को बाहर निकाला। इधर ब्लू वाटर में लगातार हो रहे हादसों को लेकर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने बड़ा बयान दिया है।
विधायक ने ब्लू वाटर खदान की खुदाई करने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने कहा कि ठेकेदार ने खुदाई के बाद गड्ढे को बिना भरे ही छोड़ दिया जो बड़ी लापरवाही है। रायपुर में ऐसी जितनी भी खदानें हैं, उन्हें भरने के लिए वे कलेक्टर को पत्र लिखेंगे।
वहीं आदिल के परिजनों के प्रति उन्होंने संवेदना जताई है। विधायक ने कहा कि वे शाम को जिला प्रशासन के साथ आदिल के परिजनों से मुलाकात करेंगे और परिवार को आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।
Tags: