तेलघानी नाका में जाम की समस्या पर रायपुर यातायात पुलिस की पहल

छग

Update: 2025-11-12 13:06 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में बढ़ते ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर यातायात पुलिस ने गंभीर पहल की है। स्टेशन क्षेत्र, तेलघानीनाका, भैसथान और आसपास के इलाकों में पीक आवर्स के दौरान लगने वाले भीषण जाम से नागरिकों को हो रही परेशानी को देखते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद के निर्देश पर मंगलवार को यातायात विभाग ने व्यापारियों और गोदाम संचालकों की बैठक आयोजित की। यह बैठक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) डॉ. प्रशांत शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) गुरजीत सिंह और सतीश ठाकुर, नगर निगम के एसडीओ अमित सरकार तथा शहर के करीब 40 व्यापारी और गोदाम ट्रांसपोर्ट संचालक उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य तेलघानीनाका और स्टेशन क्षेत्र में जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकालना था। बैठक में यातायात अधिकारियों ने बताया कि शाम के समय सरकारी कार्यालय बंद होते हैं और बड़ी संख्या में लोग स्टेशन की ओर आते हैं। इसी समय मालवाहक वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क पर भारी जाम की स्थिति बन जाती है। अधिकारियों ने व्यापारियों से सुझाव मांगे कि यदि पीक आवर्स में हल्के मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई जाए, तो इससे उनके व्यवसाय पर कितना असर पड़ेगा। बैठक में उपस्थित व्यापारियों और ट्रांसपोर्ट संचालकों ने कई व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत किए।

उनमें प्रमुख रूप से निम्न उपाय शामिल रहे- 
गोदाम ट्रांसपोर्टर्स को रायपुर शहर से बाहर किसी निर्धारित क्षेत्र में विस्थापित किया जाए, ताकि शहर के भीतर मालवाहक वाहनों की भीड़ कम हो सके।
अग्रसेन चौक के सिग्नल को बंद किया जाए, क्योंकि वहां ट्रैफिक लाइट के कारण जाम अधिक लगता है।
पंजाब दाल मिल गली से गलत दिशा में चलने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
तेलघानी नाका अंडरब्रिज को केवल “जाने” के लिए और ओवरब्रिज को “आने” के लिए वन-वे बनाया जाए, ताकि ट्रैफिक का प्रवाह सुचारू हो।
तेलघानी नाका चौक पर यातायात पुलिस की नियमित ड्यूटी लगाई जाए।
तेलघानी नाका चौक के पास स्थित शराब दुकान को विस्थापित किया जाए।
अग्रसेन चौक के पास स्थित अगरू होटल को स्थानांतरित किया जाए।
भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश की अनुमति केवल रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक सीमित की जाए।
हल्के मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक रोक लगाई जाए।
फल ठेला, अस्थायी दुकानदार और दुकान के बाहर समान रखने वालों पर नगर निगम द्वारा नियमित अतिक्रमण कार्रवाई की जाए।

अधिकारियों ने व्यापारियों के इन सुझावों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि इन्हें जिला प्रशासन और नगर निगम के साथ चर्चा कर अमल में लाने पर विचार किया जाएगा। यातायात पुलिस ने यह भी अपील की कि व्यापारी शाम 5 बजे से 8 बजे के बीच अपने गोदामों में मालवाहक वाहनों से सामान न मंगवाएं। यदि ट्रांसपोर्टर इस समय बुकिंग न लें, तो स्वाभाविक रूप से मालवाहकों का आवागमन घटेगा और जाम की समस्या में कमी आएगी। बैठक में उपस्थित गोदाम संचालकों और ट्रांसपोर्टरों ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई और
कहा
कि वे शाम के पीक आवर्स में बुकिंग नहीं करेंगे। नगर निगम अधिकारी अमित सरकार से लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई, जिस पर उन्होंने कहा कि प्रतिदिन की कार्रवाई का शेड्यूल तैयार किया जाएगा। बैठक के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) डॉ. प्रशांत शुक्ला ने कहा कि शहर की सड़कों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए सामूहिक प्रयास ही समाधान का रास्ता है। यातायात पुलिस प्रशासन, व्यापारी वर्ग और नगर निगम के बीच तालमेल से ही स्थायी समाधान निकलेगा।

रायपुर पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने तेलघानीनाका, भैसथान, मौदहापारा, केलकर पारा, गंज मंडी और अग्रसेन चौक क्षेत्र के व्यापारियों से अपील की है कि शाम के पीक समय (5 बजे से 8 बजे तक) हल्के मालवाहक वाहनों से सामान परिवहन कार्य को सीमित रखें। दुकानों के सामने माल न फैलाएं और लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान वाहन को सड़क पर अधिक देर तक खड़ा न रखें। साथ ही, सभी व्यापारी यातायात नियमों का पालन करते हुए शहर की व्यवस्था बनाए रखने में यातायात पुलिस का सहयोग करें। इस बैठक से यह उम्मीद की जा रही है कि तेलघानीनाका और स्टेशन क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की पुरानी समस्या को नियंत्रित किया जा सकेगा और रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
Tags:    

Similar News