रायपुर यातायात पुलिस का बड़ा अभियान: माडीफाइ सायलेंसर विक्रेताओं और बुलेट वाहनों पर सख्त कार्यवाही
छग
Raipur. रायपुर। शहर में माडीफाइ सायलेंसर के अवैध उपयोग और बिक्री के विरुद्ध यातायात पुलिस ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। इस अभियान के तहत एम.जी. रोड और अन्य क्षेत्रों में स्थित ऑटो पार्ट्स और बाइक शोरूमों की औचक जांच की गई। पुलिस ने माडीफाइ सायलेंसर जप्त करते हुए दुकानदारों के विरुद्ध बीएनएस की धाराओं के तहत वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि शहर में बड़ी संख्या में बुलेट वाहनों के चालक अवैध माडीफाइ सायलेंसर का उपयोग कर तेज आवाज पैदा कर रहे हैं, जिससे सड़क पर अन्य वाहन चालकों और आम जनता के लिए सुरक्षा जोखिम और दुर्घटना का खतरा उत्पन्न हो रहा है। ऐसे मामलों को रोकने के लिए दुकानदारों और वाहन चालकों दोनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस आयुक्त रमेश ऐरेवार और थाना प्रभारी यातायात शारदा चैक निरीक्षक ढालू दास मानिकपुरी की टीम ने एम.जी. रोड के ऑटो पार्ट्स दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
पूजा असेसरीज जैसी दुकानों में माडीफाइ सायलेंसर पाए जाने पर उन्हें जप्त कर थाना मौदहापारा को सुपुर्द किया गया। दुकानदारों को भविष्य में माडीफाइ सायलेंसर बेचने या वाहन में फिट करने से रोकने की चेतावनी दी गई। इसी तरह रायपुर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सहायक पुलिस आयुक्त सतीश ठाकुर, तेलीबांधा थाना प्रभारी भुनेश्वर साहू, पंडरी यातायात थाना से लच्छन निषाद, तथा टाटीबंध से निरीक्षक विशाल कुजूर की टीम ने विभिन्न रॉयल इनफील्ड शोरूमों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को समझाया गया कि माडीफाइ सायलेंसर की बिक्री और फिटिंग अवैध है। पुलिस ने यह भी बताया कि शहर में माडीफाइ सायलेंसर लगे बुलेट वाहनों के विरुद्ध अभियान लगातार चल रहा है। पिछले 6 दिनों में 130 से अधिक बुलेट वाहनों को पकड़कर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई और माडीफाइ सायलेंसर जप्त किया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क पर शांति बनाए रखना और वाहन चालकों के लिए सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करना है। यातायात पुलिस का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध सायलेंसर विक्रेताओं तथा वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होती रहेगी।