Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के चर्चित स्पा सेंटर डकैती कांड में पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस ने सिमगा से आरोपी प्रथम अग्रवाल (32 वर्ष) को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामला 26 अक्टूबर 2025 की रात करीब 8 बजे का है, जब न्यू राजेन्द्र नगर स्थित कल्चरल वेलनेस स्पा सेंटर (गोविंद सारंग परिसर के पास) में आठ अज्ञात आरोपियों ने धावा बोला था। उन्होंने स्पा संचालक और कर्मचारियों को बंधक बनाकर मारपीट की और गल्ले से 20 हजार रुपए नगद लूट लिए। इसके बाद दो आरोपियों ने स्पा संचालक सन्नी मनवानी को धमकाते हुए अपने साथ बाइक में बैठाया और उसे एटीएम से 50 हजार रुपए और क्रेडिट कार्ड स्वाइप कर 50 हजार रुपए और लूट लिए। इस तरह कुल 1,20,000 रुपए की डकैती को अंजाम दिया गया। इतना ही नहीं, जाते समय आरोपियों ने स्पा सेंटर का सीसीटीवी DVR भी अपने साथ ले गए। ताकि वारदात का कोई वीडियो सबूत न बचे।
इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों धनराज चौधरी उर्फ हनी, गुरविंदर सिंह, और नवजोत सिंह भामरा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। प्रार्थी सन्नी मनवानी (36 वर्ष, निवासी न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर) की रिपोर्ट पर थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 252/2025 दर्ज किया गया था। इसमें धारा 296, 351(2), 115(2), 127(2), 310(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी प्रथम अग्रवाल सिमगा इलाके में छिपा हुआ है। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसके पास से घटना में उपयोग की गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए गए। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में अन्य फरार आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने पुलिस टीम सक्रिय है। सभी आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी ताकि वारदात में शामिल अन्य लोगों और DVR की बरामदगी की दिशा में सुराग मिल सके। न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस का कहना है कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और इस वारदात से जुड़े सभी आरोपियों को जल्द जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।