अपराध रोकथाम के लिए रायपुर ग्रामीण पुलिस का विशेष अभियान, कई बदमाश गिरफ्तार

छग

Update: 2026-03-15 15:06 GMT
Raipur. रायपुर। जिले में अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के तहत विगत दो दिनों में नारकोटिक एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, सक्रिय गुंडा-बदमाशों की निगरानी और संदिग्ध व्यक्तियों पर सख्ती की जा रही है।

इसके साथ ही गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पिछले दो दिनों में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई करते हुए कुल 29 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं 80 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा दो गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए और चार गुमशुदा व्यक्तियों को दस्तयाब कर उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया।

नारकोटिक एक्ट में कार्रवाई
थाना गोबरानवापारा क्षेत्र में पुलिस ने नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 84/26 के तहत आरोपी सागर साहू और कुंदन विश्वकर्मा, दोनों निवासी ग्राम जौंदी थाना गोबरानवापारा, को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से लगभग 1.100 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा इसी क्षेत्र में चार अन्य आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और 21 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
तिल्दा और आरंग क्षेत्र में कार्रवाई
थाना तिल्दा क्षेत्र में पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। वहीं 12 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई और एक गिरफ्तारी वारंट भी तामील किया गया। इसी तरह थाना आरंग क्षेत्र में दो आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए 11 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
अभनपुर में यातायात नियमों पर सख्ती
थाना अभनपुर क्षेत्र में पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान चलाते हुए 31 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की।
खरोरा में धर्म स्वतंत्रता अधिनियम के तहत कार्रवाई
थाना खरोरा क्षेत्र में एक व्यक्ति के खिलाफ छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी अनुप शेण्डे, जो महाराष्ट्र का निवासी है और वर्तमान में खरोरा क्षेत्र में रह रहा था, पर आरोप है कि वह गांव के लोगों को बीमारी ठीक कराने और अन्य प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बना रहा था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की। इसके साथ ही ऑपरेशन तलाश के तहत थाना खरोरा क्षेत्र में दो गुमशुदा व्यक्तियों को खोजकर सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
मंदिर हसौद और विधानसभा क्षेत्र में कार्रवाई
थाना मंदिर हसौद क्षेत्र में पुलिस ने 16 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और पांच वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान काटा। साथ ही एक गिरफ्तारी वारंट भी तामील किया गया। थाना विधानसभा क्षेत्र में पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी संजू उर्फ संदीप टंडन और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद किया गया। इसके अलावा गुमशुदा व्यक्ति को खोजकर सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया गया।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर नियंत्रण और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News