Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में लंबे समय से फरार वारंटियों और लंबित वारंटों की तामील को लेकर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पश्चिम क्षेत्र के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए एकदिवसीय अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 81 वारंटों की तामील की। इनमें 25 स्थाई वारंट और 56 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। पुलिस टीमों ने वारंटियों की जानकारी जुटाकर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी और लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों को पकड़कर न्यायालयीन आदेशों का क्रियान्वयन किया। यह विशेष अभियान पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रॉबिन्सन गुड़िया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में चलाया गया। अभियान में पश्चिम क्षेत्र के सभी संबंधित थाना प्रभारियों और उनकी टीमों को लंबित वारंटों की तामील तथा फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए लगाया गया था।
पुलिस के मुताबिक अभियान शुरू करने से पहले अलग-अलग थानों में लंबित स्थाई और गिरफ्तारी वारंटों की जानकारी एकत्र की गई। इसके बाद फरार वारंटियों के वर्तमान ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। पुलिस टीमों ने संभावित स्थानों पर दबिश देकर वारंटियों की तलाश की। इस दौरान लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे कई वारंटियों को भी पकड़ा गया। अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई आजाद चौक थाना क्षेत्र में की गई। यहां पुलिस ने 10 स्थाई और 22 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 32 वारंटों की तामील की। सरस्वती नगर थाना पुलिस ने पांच गिरफ्तारी वारंट तामील किए। कबीर नगर पुलिस ने दो स्थाई और पांच गिरफ्तारी वारंटों पर कार्रवाई की। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में चार स्थाई और छह गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 10 वारंटों की तामील की गई। डीडी नगर थाना पुलिस ने दो स्थाई और तीन गिरफ्तारी वारंटों पर कार्रवाई की। आमानाका पुलिस ने दो गिरफ्तारी वारंट तामील किए।
इसी तरह न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक स्थाई और आठ गिरफ्तारी वारंट सहित कुल नौ वारंटों की तामील की गई। टिकरापारा थाना पुलिस ने छह स्थाई और पांच गिरफ्तारी वारंटों पर कार्रवाई की। इस तरह पश्चिम क्षेत्र में एक दिन के अभियान के दौरान कुल 81 वारंट तामील किए गए। पुलिस के अनुसार स्थाई वारंट ऐसे मामलों में जारी होते हैं, जिनमें आरोपी या संबंधित व्यक्ति लंबे समय से न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं हो रहा हो और उसकी गिरफ्तारी लंबित हो। ऐसे वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को लगातार उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटानी पड़ती है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य लंबित वारंटों की संख्या कम करने के साथ न्यायालयीन आदेशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा। डीसीपी पश्चिम क्षेत्र रॉबिन्सन गुड़िया ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित वारंटों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही फरार वारंटियों की पतासाजी कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया है। रायपुर पुलिस के अनुसार वारंटियों के खिलाफ यह कार्रवाई केवल एक दिन के अभियान तक सीमित नहीं रहेगी। न्यायालयों से जारी आदेशों का समय पर पालन सुनिश्चित करने के लिए आगे भी फरार और लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाए जाएंगे।