Raipur. रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र में दिनांक 22 जनवरी 2026 को हुई लूट की घटना में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट (DCP – North Zone) के नेतृत्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने अहम सफलता हासिल की है। पुलिस ने लूट के मामले में आरोपियों रविशंकर साहू और अनमोल साहू को गिरफ्तार किया है। घटना के अनुसार प्रार्थी मोहम्मद सिराज ने थाना खमतराई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 जनवरी की रात वह ग्राम चरौदा से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम धनेली के पास दो अज्ञात आरोपियों ने उसे रोकने का प्रयास किया। जब प्रार्थी ने वाहन नहीं रोका, तो आरोपियों ने अपने एक्टिवा वाहन से पीछा करते हुए अंडोर कंपनी, बीरगांव तक उसका पीछा किया। रात लगभग 11:30 बजे आरोपियों ने प्रार्थी से हाथ-मुक्कों से मारपीट की और उसके जेब में रखे दो मोबाइल फोन (सैमसंग एवं आईटेल) और नगदी ₹3,000 लूट कर फरार हो गए।

लूट में कुल कीमत लगभग ₹4,000 बताई जा रही है। प्रार्थी की शिकायत के आधार पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 40/26, धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया और घटना की जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। इस दौरान मुखबिर से प्राप्त अहम सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान हुई। टीम द्वारा आरोपियों रविशंकर साहू और अनमोल साहू को पकड़ कर पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने लूट की घटना को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई ₹3,000 नगदी और दो मोबाइल फोन बरामद किए। इसके साथ ही लूट में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन क्रमांक CG-04-LZ-9546 को जप्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं:
रविशंकर साहू, पिता स्व. मनीराम साहू, उम्र 32 वर्ष, निवासी सोनिया नगर हनुमान मंदिर के पास, साहू पारा, थाना खमतराई, जिला रायपुर।
अनमोल साहू, पिता महेश साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी कारी कहरौद, थाना लवण, जिला बलौदा बाजार। वर्तमान पता – किशोरी लाल बंजारे का मकान, दुर्गा चौक, गोवर्धन नगर, थाना खमतराई, जिला रायपुर।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लूट की इस घटना में बरामद मोबाइल और नगदी प्रार्थी को वापस कर दिए गए हैं। इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि रायपुर पुलिस नॉर्थ जोन अपराधों पर नकेल कसने के लिए लगातार सक्रिय है और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों और अपराधों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे भविष्य में ऐसे अपराधों को रोका जा सके।
Tags: