रायपुर पुलिस ने 3 लूट घटनाओं में 4 मुख्य आरोपी और 3 बालक को किया गिरफ्तार
छग
Raipur. रायपुर। रायपुर पुलिस ने शहर और ग्रामीण क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग लूट की घटनाओं में शामिल चार मुख्य आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत तीन बालकों सहित कुल छह से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम और साइबर यूनिट, थाना गंज एवं थाना खम्हारडीह की संयुक्त कार्यवाही के तहत की गई। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और एक चाकू जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, जप्त की गई संपत्ति की कीमत लगभग 80,000 रुपये है।
घटना के विवरण के अनुसार, पहली घटना 11 दिसंबर 2025 को थाना गंज क्षेत्र में हुई। प्रार्थी देवीलाल तेली ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने साथी आनंद कटरे के साथ होण्डा साईन मोटर सायकल क्रमांक सी जी 04 एल यू 0793 से जा रहे थे। तेलघानी नाका चौक के पास तीन युवक उनके पास आए और गाली-गलौच करने लगे। गाली देने से मना करने पर आरोपियों ने चाबी छीन ली और चाकू दिखाकर मोटरसाइकिल लूट ली। इस प्रकरण में थाना गंज में अपराध क्रमांक 337/25, धारा 309(4), 3(5) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया गया।
दूसरी घटना 12 दिसंबर 2025 को थाना खम्हारडीह क्षेत्र में हुई। प्रार्थी रवि यादव अपने मोबाइल फोन से बात कर पैदल जा रहे थे, तभी तीन अज्ञात व्यक्ति होण्डा साईन मोटर सायकल में सवार होकर उनके मोबाइल फोन को लूट कर फरार हो गए। इस मामले में थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 394/25, धारा 309(4), 3(5) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया गया।
इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने एंटी क्राइम और साइबर यूनिट, थाना गंज और खम्हारडीह की संयुक्त टीम को अज्ञात आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। टीम ने प्रार्थियों व उनके साथियों से विस्तृत पूछताछ की, घटनास्थलों का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया। आरोपियों के द्वारा उपयोग की गई मोटरसाइकिल और वारदात के तरीके के आधार पर पुराने अपराधियों की जानकारी एकत्र की गई और आरोपियों की पहचान की गई।
थाना गंज प्रकरण में आरोपी सत्यम शुक्ला को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसके साथी तरूण बघेल और एक बालक के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया। तीनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चाकू जब्त किया गया। थाना खम्हारडीह प्रकरण में आरोपी पंकज पठारे, रुपेश यादव और दो बालक को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में चारों ने लूट की घटना स्वीकार की। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और होण्डा साईन मोटरसाइकिल जब्त की गई। जांच में यह भी सामने आया कि थाना गंज के आरोपी सत्यम शुक्ला और थाना खम्हारडीह के आरोपी रुपेश यादव दोस्त हैं। सत्यम ने लूटी गई मोटरसाइकिल रुपेश को दी थी, जिसका उपयोग कर खम्हारडीह क्षेत्र में मोबाइल फोन लूट की गई।
गिरफ्तार आरोपी (थाना गंज):
सत्यम शुक्ला, पिता राजेश शुक्ला, उम्र 25 वर्ष, पीला बंगला लोधीपारा।
तरूण बघेल, पिता देवाचंद बघेल, उम्र 20 वर्ष, त्रिमूर्ति नगर मांझीपारा।
विधि के साथ संघर्षरत एक बालक।
गिरफ्तार आरोपी (थाना खम्हारडीह):
पंकज पठारे, पिता शिवकुमार पठारे, उम्र 18 वर्ष 11 माह, चंद्रशेखर नगर संगम चौक लोधी पारा।
रुपेश यादव, पिता लखन यादव, उम्र 20 वर्ष, चंद्रशेखर नगर लोधी पारा।
विधि के साथ संघर्षरत दो बालक।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार अन्य आरोपी की तलाश भी जारी है।