Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में 23 से 29 अक्टूबर 2026 तक उत्तर, मध्य और पश्चिम जोन में कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 244 वारंट तामील किए गए। साथ ही अवैध हथियार, शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 16 चाकू, नशीली सिरप, 1200 नशीली टैबलेट और 4 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस कमिश्नरेट से मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी में आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तीनों जोन में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान फरार वारंटियों की तलाश, अवैध हथियार रखने वालों की पहचान और नशीले पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई। एक सप्ताह के अभियान में पुलिस ने कुल 244 वारंट तामील किए, जिनमें 27 स्थायी वारंट और 119 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इसके अलावा आर्म्स एक्ट के तहत 16 प्रकरण दर्ज करते हुए 16 चाकू जब्त किए गए। आबकारी एक्ट के तहत तीन प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बरामद की गई।
मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में भी पुलिस को सफलता मिली। एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 32 नग नशीली सिरप, 1200 नशीली टैबलेट और चार किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री और आपूर्ति से जुड़ी गतिविधियों पर नियंत्रण लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत 126 व्यक्तियों और धारा 126/135 के तहत 232 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इस प्रकार कुल 358 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई दर्ज की गई। वहीं, छह व्यक्तियों के विरुद्ध गुंडा कार्रवाई भी की गई।
उत्तर जोन में पुलिस ने 33 वारंट तामील किए। आर्म्स एक्ट के तहत छह चाकू जब्त किए गए, जबकि आबकारी एक्ट के तहत 4.5 लीटर शराब बरामद की गई। इसके अलावा बीएनएसएस की धारा 170 के तहत 45 और धारा 126/135 के तहत 75 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। मध्य जोन में पुलिस ने सबसे अधिक 114 वारंट तामील किए। इस दौरान आर्म्स एक्ट के तहत तीन चाकू और आबकारी एक्ट के तहत 5.56 लीटर शराब जब्त की गई। एनडीपीएस एक्ट के तहत 32 नग नशीली सिरप बरामद की गई। प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के अंतर्गत धारा 170 में 29 और धारा 126/135 में 59 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसी जोन में छह व्यक्तियों के विरुद्ध गुंडा कार्रवाई भी दर्ज की गई।
पश्चिम जोन में पुलिस ने 97 वारंट तामील किए। आर्म्स एक्ट के तहत सात चाकू और आबकारी एक्ट के तहत 7.2 लीटर शराब जब्त की गई। नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में 1200 नशीली टैबलेट और चार किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा धारा 170 बीएनएसएस के तहत 52 और धारा 126/135 के तहत 98 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के साथ आपराधिक गतिविधियों को पहले ही रोकना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए संवेदनशील इलाकों में निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध हथियार या नशीले पदार्थों की बिक्री की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि राजधानी में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।