Raipur. रायपुर। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए रायपुर पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा आपराधिक और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आदित्य पांडे के निर्देशन में थाना उरला, गुढ़ियारी, पंडरी और रामनगर चौकी क्षेत्र में अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत आबकारी एक्ट, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत आरोपियों पर कार्रवाई की गई है।
अवैध शराब के खिलाफ उरला पुलिस की कार्रवाई
नॉर्थ जोन पुलिस के अनुसार, थाना उरला क्षेत्र में आबकारी एक्ट के तहत दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पहले मामले में अपराध क्रमांक 473/26 के तहत आरोपी पवन उईके के कब्जे से 13 पाव देशी मसाला शराब बरामद की गई। जब्त शराब की मात्रा करीब 2.34 लीटर और कीमत लगभग 1300 रुपये बताई गई है। वहीं दूसरे मामले में अपराध क्रमांक 474/26 के तहत आरोपी तूफान उईके के पास से 14 पाव देशी मसाला शराब जब्त की गई। इसकी मात्रा करीब 2.52 लीटर और कीमत लगभग 1400 रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
11 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की। थाना उरला द्वारा धारा 170/126,135(3) BNSS के तहत एक प्रकरण में एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई। थाना गुढ़ियारी द्वारा एक प्रकरण में एक व्यक्ति और रामनगर चौकी द्वारा दो प्रकरणों में छह व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके अलावा थाना पंडरी द्वारा धारा 170 BNSS के तहत तीन प्रकरणों में तीन व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई। इस तरह कुल पांच प्रकरणों में 11 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
जुआ खेलने वालों पर भी कार्रवाई
रामनगर चौकी पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई करते हुए चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में जुआ, अवैध शराब और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
त्योहारों को लेकर पुलिस की सतर्कता बढ़ी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकना है। नॉर्थ जोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक गतिविधियों और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।