रायपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 8 होटल और दुकानों का काटा चालान

छग

Update: 2025-10-08 13:33 GMT
Raipur. रायपुर। त्यौहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर नगर पालिक निगम रायपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। नागरिकों से मिल रही गंदगी संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही के नेतृत्व में शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। टीम ने मंगलवार को शास्त्री बाजार, गोलबाजार और बैजनाथपारा क्षेत्र में स्थित होटलों, रेस्टोरेंट्स और मांस दुकानों की सफाई व्यवस्था की जांच की। निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। जिस पर निगम ने तत्काल 8 दुकानों और रेस्टोरेंट्स पर कुल ₹39,500 का ई-चालान जारी करते हुए भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी दी।

इन प्रतिष्ठानों पर की गई कार्रवाई:
अल्का रेस्टोरेंट: गंदगी और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर ₹10,000 का जुर्माना
न्यू स्टार कैटर्स: स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर ₹3,000 का जुर्माना
एमडी मीट शॉप: अस्वच्छ कार्यस्थल पाए जाने पर ₹3,000 का जुर्माना
अशर्फी चिकन सेंटर: साफ-सफाई में लापरवाही पर ₹5,000 का जुर्माना
बिरला आपस पेट: खाद्य सामग्री के अनुचित रख-रखाव पर ₹2,000 का जुर्माना
केएमसी चाइनीज सेंटर: रसोई में अस्वच्छता पाए जाने पर ₹2,500 का जुर्माना
नूरजहां होटल: स्वच्छता मानकों के उल्लंघन पर ₹10,000 का जुर्माना
कुकुर बिरयानी सेंटर: सफाई में कमी पाए जाने पर ₹4,000 का जुर्माना
कुल मिलाकर निगम ने 8 दुकानों/होटलों से ₹39,500 का ई-चालान वसूला।


निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही ने बताया कि त्यौहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग बाजारों और रेस्टोरेंट्स में जाते हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही से जनस्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। इसलिए निगम द्वारा यह अभियान चलाया गया है ताकि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके। उन्होंने कहा, “निगम की स्वास्थ्य टीम ने सभी दुकानदारों और होटल संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था करने और खाद्य वस्तुओं को ढककर रखने के निर्देश दिए हैं। भविष्य में दोबारा लापरवाही मिलने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।” इस अभियान के दौरान निरीक्षण टीम ने रसोई, स्टोरेज, मांस काटने की जगह, काउंटर और कर्मचारियों की स्वच्छता की भी जांच की। कई जगहों पर खुले में रखा खाद्य पदार्थ, कूड़े के ढेर, और अस्वच्छ बर्तन पाए गए।

जिन्हें लेकर निगम अधिकारियों ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए। नगर निगम ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी होटल, ढाबे या रेस्टोरेंट में गंदगी, बासी भोजन या अस्वच्छ माहौल दिखाई दे तो उसकी जानकारी निगम नियंत्रण कक्ष में दें ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। त्यौहारी सीजन को देखते हुए नगर निगम रायपुर ने स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा पर विशेष निगरानी अभियान शुरू किया है, जो आने वाले दिनों में शहर के सभी प्रमुख बाजारों, मिठाई दुकानों और होटल क्षेत्रों में जारी रहेगा। इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि नगर निगम स्वच्छता और जनस्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा, और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर अब सख्त आर्थिक दंड के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
Tags:    

Similar News