Raipur. रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के राजस्व विभाग ने बकाया संपत्ति कर और अन्य राजस्व वसूली को लेकर अभियान तेज कर दिया है। निगम की टीमों ने शहर के अलग-अलग जोनों में कार्रवाई करते हुए कई बकायादारों की संपत्तियां सीलबंद की हैं। कार्रवाई के दौरान कई संपत्ति मालिकों ने मौके पर ही लाखों रुपये का बकाया भुगतान कर दिया। निगम प्रशासन का कहना है कि यह अभियान बकाया राजस्व की वसूली सुनिश्चित करने और नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा सहित सभी जोन कमिश्नर और सहायक राजस्व अधिकारी लगातार अभियान की समीक्षा और मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
राजस्व विभाग की टीमों ने अलग-अलग जोनों में पहुंचकर बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई की। जोन 6 के राजस्व विभाग ने वार्ड 65 क्षेत्र में वसूली अभियान चलाया। वार्ड 62 में सीलबंदी कार्रवाई के दौरान दो बकायादारों ने मौके पर ही अपना पूरा बकाया जमा कर दिया। इनमें एक ने 55,404 रुपये और दूसरे ने 39,410 रुपये का भुगतान किया। जोन 7 के पंडित ईश्वरी चरण शुक्ल वार्ड क्रमांक 22 में संगीता शाह, विशाल शाह और विशेष शाह पर वर्ष 2024-25 से 1,24,245 रुपये का बकाया था। भुगतान नहीं करने पर निगम ने उनकी संपत्ति सील कर दी। इसी वार्ड में सुनील शाह की संपत्ति भी 55,292 रुपये के बकाये के कारण सीलबंद की गई।
स्वामी आत्मानंद वार्ड क्रमांक 38 चौबे कॉलोनी में भिलाई स्टील एंड रिसर्च सेंटर पर वर्ष 2020-21 से 11,82,544 रुपये का बड़ा बकाया था। निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए संबंधित संपत्ति को तत्काल सील कर दिया। वहीं वार्ड 22 में पाल गुड्स ट्रांसपोर्ट, आमानाका ने सीलबंदी कार्रवाई के बाद 1,23,011 रुपये का पूरा भुगतान कर दिया। जोन 10 के राजस्व विभाग ने विद्याचरण शुक्ल वार्ड 50 में सरिता वाजपेयी पर 3,20,316 रुपये और अनिता कुकरेजा पर 44,196 रुपये के बकाये के कारण संपत्तियां सील कीं। जोन 8 में वार्ड 2 क्षेत्र के बजरंग लाल अग्रवाल और अनिता अग्रवाल ने कार्रवाई के दौरान 1,31,822 रुपये जमा किए। वहीं तापसी डे और गोपाल प्रसाद डे ने 52,934 रुपये के बकाये में से 30,198 रुपये का आंशिक भुगतान किया।
निगम ने यूजर चार्ज और अन्य शुल्कों को लेकर भी कार्रवाई की है। वार्ड 20 में शुभम के मार्ट परिसर का पुनर्मूल्यांकन कर यूजर चार्ज में 2,04,000 रुपये की बढ़ोतरी की गई। वार्ड 70 में अरिहंत उद्योग के प्रोपराइटर प्रशांत अग्रवाल और बीएल अग्रवाल का यूजर चार्ज 4,03,872 रुपये बढ़ाया गया। वार्ड 69 में कृष्णकांत रामावतार तिवारी ने सीलबंदी कार्रवाई के दौरान आरटीजीएस के माध्यम से 3,55,316 रुपये का पूरा भुगतान कर दिया। वहीं जोन 9 में एक बकायादार का बल्क नल कनेक्शन विच्छेद करने के बाद उसने मौके पर ही 3,38,608 रुपये की पूरी राशि जमा कर दी।
निगम की टीम ने 6,18,000 रुपये के बड़े बकायादार अमरपाल सिंह की संपत्ति भी सीलबंद की। जोन 4 के स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड 44 में रामदेव मार्केट के प्रमोद कुमार राव ने सीलिंग कार्रवाई के दौरान 1,88,180 रुपये का भुगतान किया। इसी वार्ड में पद्मादेवी सहित अन्य बकायादारों पर लाखों रुपये के बकाये के चलते संपत्तियों को सील किया गया। जोन 5 में भी एक बड़े बकायादार ने संपत्ति सील होते ही 6,14,909 रुपये का पूरा भुगतान कर दिया। निगम राजस्व विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि जमा नहीं करने वाले संपत्ति मालिकों के खिलाफ आगे भी सीलबंदी और अन्य कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर अपना कर और अन्य शुल्क जमा करें, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके। निगम प्रशासन का दावा है कि इस अभियान से राजस्व वसूली में लगातार सुधार हो रहा है।