रायपुर में नियम उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई, ब्लिंकिट भवन सील

छग

Update: 2026-06-24 17:17 GMT
Raipur. रायपुर। नगर निगम रायपुर ने नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करते हुए समता कॉलोनी स्थित ऑनलाइन डिलीवरी सेवा ब्लिंकिट (Blinkit) के भवन को सील कर दिया है। यह कार्रवाई कलेक्टर के आदेश और नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर की गई, जिसके बाद क्षेत्र में प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, नगर निगम की टीम ने समता कॉलोनी स्थित इस भवन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिनमें पार्किंग व्यवस्था का नियमों के अनुरूप न होना, अग्निशमन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होना और भवन का बिना पूर्णता प्रमाणपत्र (Completion Certificate) के संचालन शामिल है।

इन खामियों को गंभीर मानते हुए नगर निगम प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई का निर्णय लिया। इसके बाद जोन-7 जोन कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्रही के मार्गदर्शन में टीम मौके पर पहुंची और भवन को सील कर दिया गया। इस कार्रवाई में कार्यपालन अभियंता सुशील मोडेस्टस, उप अभियंता प्रेरणा अग्रवाल, चंद्रकांत बर्गे सहित नगर निवेश एवं राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने निरीक्षण के दौरान सभी नियमों की विस्तृत जांच की और उल्लंघन की पुष्टि होने पर कार्रवाई की।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर में भवन निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन को लेकर निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियम उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित भवन में न तो पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था थी और न ही अग्निशमन सुरक्षा के मानक पूरे किए गए थे। इसके अलावा भवन का संचालन बिना आवश्यक अनुमति और पूर्णता प्रमाणपत्र के किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अन्य व्यावसायिक भवनों और संस्थानों में भी सतर्कता बढ़ गई है। नगर निगम की टीम द्वारा आगे भी इसी तरह के औचक निरीक्षण किए जाने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि शहर में सुरक्षा और नियमानुसार निर्माण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Tags:    

Similar News