Raipur Double Murder: पूर्व कांस्टेबल ने पत्नी और बेटी की हत्या कबूली, देखें VIDEO...

छग

Update: 2026-04-01 13:34 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में हुए डबल मर्डर मामले में आरोपी ने बड़ा खुलासा किया है। आरोपी ने पुलिस के सामने दिए बयान में स्वीकार किया है कि उसने अपनी पत्नी और सौतेली बेटी की हत्या की है। इस सनसनीखेज मामले में आरोपी का एक 36 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह हत्या की वजह बता रहा है। पुलिस के अनुसार, यह घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव की है। आरोपी गुलाब साहू, जो पहले पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत था, अपनी पत्नी लता साहू और सौतेली बेटी चित्रा साहू (21 वर्ष) के साथ रहता था। जानकारी के मुताबिक, गुलाब साहू ने करीब चार साल पहले लता साहू से शादी की थी।
जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता था। घटना वाले दिन भी सुबह पति-पत्नी के बीच इसी मुद्दे पर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर टंगिया से पत्नी पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई बेटी पर भी उसने वार किया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी का जो वीडियो सामने आया है, उसमें वह यह कहते हुए नजर आ रहा है कि उसकी पत्नी का किराएदार के साथ संबंध था, जिससे वह नाराज था। इसी कारण उसने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस इस दावे की पुष्टि करने के लिए जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जैसे ही ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में एक अहम पहलू यह भी है कि आरोपी ने घटना के बाद खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। उसने पुलिस के सामने हत्या की बात स्वीकार करते हुए पूरा घटनाक्रम बताया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी गुलाब साहू पहले बिलासपुर में कांस्टेबल के पद पर तैनात था, लेकिन अनुशासनहीनता के कारण उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। नौकरी छोड़ने के बाद वह मार्केटिंग सेल्समैन के रूप में काम कर रहा था। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि घटना के सभी कारण स्पष्ट हो सकें। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। इस घटना ने इलाके में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों ने इस तरह की घटना पर चिंता जताई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा है कि मामले में हर पहलू की जांच की जा रही है और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Tags:    

Similar News