Raipur. रायपुर। पूरे राष्ट्र के साथ 80वां स्वतंत्रता दिवस दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल में विभिन्न कार्यालयों एवं संस्थानों में पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंडल का मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, रायपुर के प्रांगण में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मंडल रेल प्रबंधक दयानंद तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अध्यक्षा, सेक्रो शिखा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् राष्ट्रगीत के साथ हुआ। इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने प्रातः 9:00 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान की सुमधुर धुन के बीच राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। पुनः राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान गाया गया। इस अवसर पर मंडल रेल सुरक्षा बल, सिविल डिफेंस तथा स्काउट एवं गाइड के सदस्यों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। उन्होंने अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए एक ऐतिहासिक एवं गौरवशाली अवसर है। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। दयानंद ने रायपुर रेल मंडल की उपलब्धियों एवं रेल परिचालन को सुरक्षित, संरक्षित, सुचारु एवं यात्री सुविधाओं से युक्त बनाने में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रेलवे की प्रगति में प्रत्येक रेलकर्मी की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा सभी के सामूहिक प्रयासों से ही बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने मीडिया सदस्यों , रेल परिवार के सदस्यों, यात्रियों, विभिन्न कर्मचारी संगठनों एवं सेक्रो की पदाधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक दयानंद एवं अध्यक्षा सेक्रो शिखा सिंह ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रतीक तिरंगे रंग के गुब्बारों को आकाश में छोड़कर उपस्थित सभी लोगों में देशभक्ति एवं उत्साह का संचार किया। समारोह में स्कूली बच्चों तथा स्काउट एवं गाइड के सदस्यों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित रेलकर्मियों एवं अतिथियों को भाव-विभोर कर दिया तथा पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक बजरंग अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मुख्य परियोजना प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल अधिकारीगण, सेक्रो की पदाधिकारीगण, कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिगण, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे। रायपुर रेल मंडल द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति एवं कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया गया तथा सभी रेलकर्मियों से राष्ट्र एवं भारतीय रेल की प्रगति में समर्पित भाव से योगदान देने का आह्वान किया गया।