Raipur. रायपुर। सोशल मीडिया पर अवैध रूप से पिस्टल लहराने और उसे कॉक करने का वीडियो वायरल होने के बाद रायपुर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पंडरी थाना क्षेत्र के कुलेश्वर फरिकार उर्फ स्टील (24 वर्ष), निवासी दलदल सिवनी रोड, रायपुर को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल की टीम ने ट्रेस कर पकड़ा। इस मामले को पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने गंभीरता से लिया और जांच के आदेश दिए थे। पुलिस पूछताछ में कुलेश्वर ने स्वीकार किया कि यह वीडियो उसने ओडिशा के खरियार रोड में बनाया था। फिलहाल, पंडरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और पिस्टल की जांच जारी है।


पहले भी जा चुका है जेल
कुलेश्वर फरिकार उर्फ स्टील अपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और इससे पहले अवैध शराब बिक्री और तस्करी के मामलों में 3 बार तथा मारपीट के एक मामले में 1 बार जेल जा चुका है। कुल मिलाकर चार बार उसे जेल भेजा जा चुका है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास पिस्टल कहां से आई और उसने यह वीडियो किस मकसद से बनाया था। रायपुर पुलिस इस मामले में विस्तृत पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जल्द की जाएगी।



Tags: