Raipur Breaking: नशा मुक्ति केंद्र में युवक की हत्या, नाबालिग सहित 3 आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2025-12-18 12:59 GMT
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशा मुक्ति केंद्र के भीतर युवक की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज प्रकरण में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने और गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। मामले का खुलासा नशा मुक्ति केंद्र में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुआ है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 अक्टूबर 2025 को मौदहापारा थाना से खमतराई थाना को मर्ग की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम डॉ. भीमराव अम्बेडकर अस्पताल (मेकाहारा) पहुंची, जहां मृतक राजन यादव का मर्ग पंचनामा किया गया। इस मामले में मर्ग क्रमांक 123/25 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट 16 दिसंबर 2025 को प्राप्त हुई, जिसमें डॉक्टरों ने स्पष्ट रूप से लिखा कि राजन यादव की मृत्यु मारपीट और गला दबाने से हुई है। रिपोर्ट सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी खमतराई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच तेज की। जांच के दौरान यह सामने आया कि मृतक राजन यादव अपने जीवन सुधार नशा मुक्ति केंद्र, बसंत विहार कॉलोनी, गोंदवारा में निवासरत था। पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र के संचालक और कर्मचारियों से विस्तृत पूछताछ की और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

फुटेज में 26 अक्टूबर से 27 अक्टूबर 2025 की मध्य रात्रि के दौरान तीन व्यक्ति मृतक राजन यादव के साथ लगातार मारपीट करते हुए दिखाई दिए। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान नशा मुक्ति केंद्र में कार्यरत कर्मचारी छगन उर्फ छवि साहू, नशा छुड़ाने के लिए भर्ती आकाश यादव और एक विधि से संघर्षरत बालक के रूप में की गई। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने 26-27 अक्टूबर की रात राजन यादव के साथ मारपीट करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि मारपीट के दौरान राजन यादव बेहोश हो गया था। इसके बाद संस्था प्रबंधन द्वारा उसे 27 अक्टूबर को इलाज के लिए मेकाहारा रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां भर्ती होने के करीब एक घंटे बाद उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज में मारपीट के स्पष्ट साक्ष्य मिलने के बाद थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1243/25 धारा 103(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। विधि से संघर्षरत बालक को बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जबकि अन्य दो आरोपियों को रायपुर न्यायालय में पेश किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में
छगन लाल उर्फ छवि साहू (36 वर्ष), नशा मुक्ति केंद्र का कर्मचारी
आकाश यादव (25 वर्ष), नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है।

इस घटना के बाद नशा मुक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी गहन जांच की जा रही है और यदि अन्य किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News