Raipur Breaking: दो पक्षों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे और घूंसे, FIR दर्ज

देखें VIDEO...

Update: 2025-10-13 18:03 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और घूंसे चले। बताया जा रहा है कि यह झगड़ा पुराने विवाद के चलते हुआ। घटना मौदहापारा क्षेत्र के कल्लू गैरेज के पास हुई, जहां दोनों पक्षों के लोगों में मारपीट हो गई। इस झगड़े में दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष शादी से लौट रहे थे। इसी दौरान आशा किराना दुकान के पास किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। बताया जा रहा है कि एक पक्ष के यासीन खान उर्फ शेरू, मोहसीन खान और वसीम खान की दूसरे पक्ष के तैफुद्दीन, कलीम खान, फहीम खान और आदिल खान से मारपीट हो गई।


घटना की शिकायत मौदहापारा थाने में दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह ई-रिक्शा चालक है और 12 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे अपने दोस्त जानम की शादी में शामिल हुआ था। उसी दौरान टप्पु उर्फ तैफुद्दीन और कलीम ने गाली-गलौज कर हाथापाई की थी। इसी विवाद को लेकर 13 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे कल्लू गैरेज के पास फिर से दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शिकायतकर्ता वसीम खान ने पुलिस को बताया कि जब वह अपने दोस्तों के साथ फ्रेम वेल्डिंग करा रहा था, तभी तैफुद्दीन, आदिल, कलीम और फहीम खान वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए बेसबॉल बैट और डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान वसीम के दाहिने पैर और सिर में चोटें आईं। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे यासीन उर्फ फिरोज खान को आदिल खान ने डंडे से मारा, जिससे उसके सिर और बांह में चोटें आईं।

झगड़े में दोनों पक्षों के लोगों को हल्की से गंभीर चोटें आई हैं। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह विवाद शांत कराया। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना पर मौदहापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों पक्षों से मिले साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था, जो रविवार को फिर से भड़क गया। पुलिस ने क्षेत्र में एहतियातन गश्त बढ़ा दी है, ताकि दोबारा किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो सके।
Tags:    

Similar News